logo

गिरिडीह के 8वीं पास कलाम के हाथों ही सजना चाहतीं हैं बालीवुड की बालाएं, जानिए कहानी

14563news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 
कभी कई दिनों तक भूखे रहने को मजबूर कलाम अंसारी आज बॉलीवुड में जाना-माना मेकअप मैन हैं। अब कमाई भी लाखों में है। एक दिन के काम का हजारों रुपया मिलता है। एक समय था, जब वे ट्रक में बतौर खलासी काम करते थे और आज का दिन है कि हर दिन हजारों खर्च करते हैं। इतना हीं नहीं लोग फोन कर काम देते हैं। काम का हुनर ऐसा कि बालीवुड की हस्तियां इन्हीं के हांथे सजना- संवरना चाहती है। चलिये जानते हैं इनकी कहानी

डेढ़ साल तक बिना किसी वेतन के काम किया 
गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड के चीनो गांव के 26 वर्षीय कलाम अंसारी की आज अलग पहचान है। हो भी क्यों नहीं, अपनी मेहनत से उन्होंने माया नगरी मुंबई में खुद को स्थापित किया। वह आज मशहूर मेकअप मैन हैं। कई मशहूर कलाकारों का मेकअप कर रहे हैं। प्रसिद्ध कॉमेडियन जानी लीवर को भी लुक दे चुके हैं। लोकप्रिय टीवी सीरियल कुंडली भाग्य की माहिरा, धीरज दुबर, टीवी सीरियल उड़ारिया की प्रियंका चौधरी, अंकित गुप्ता जैसे बड़े कलाकारों को कलाम ही सजाते संवारते हैं। 

आठवीं तक पढ़ाई के बाद बन गया खलासी
कलाम कहते हैं कि हमारे परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। बचपन से ही पढ़ाई में मन नहीं लगता था। किसी प्रकार आठवीं तक पढ़ाई की। माया नगरी में काम करने का सपना था। सो, ट्रैक्टर और फिर ट्रक में खलासी बन गया। कुछ पैसा बचाया और मुंबई आया। हर कदम पर यहां दिक्कत हो रही थी। तब कुछ दिन एक कपड़े की फैक्ट्री में काम किया। मगर मन नहीं लगा तो लौट आया। बड़ा भाई आलम अंसारी गुस्सा था कि हम कुछ काम क्यों नहीं करते। रोज ताने सुनता था। तब फिर ट्रक में खलासी बन गया। पर मन में मायानगरी बसी थी। बस हौसला किया। 

मायानगरी में कैसे बदल गई जिंदगी
बड़ा भाई मोइन अंसारी मुंबई में ही बतौर स्पाट ब्वाय का काम करता था। सात साल पहले की बात है। उसने हमें काफी अनुनय पर मुंबई बुला लिया। छह महीने दौड़ भाग की। तब फिल्म लाइन में काम करने के लिए जरूरी कार्ड बन सका। स्टूडियो में जाता था और यह काम सीखता था। डेढ़ साल तक बिना किसी वेतन के काम किया। मेकअप के गुर सीखता रहा। खर्च कैसे चलता था आज भी सोचकर कलेजा कलपता है। कई दिन फाकाकशी में भी गुजरे। बड़ा भाई ही सहारा देता था। 

मशहूर मेकअप मैन सुनील तांबे से परिचय
इसी बीच मेकअप मैन सुनील तांबे से परिचय हुआ। उन्होंने पता नहीं हममें क्या देखा कि इस कला की हर बारीकी सिखाने की ठान ली। फिल्मी कलाकारों का मेकअप कैसे होता है, यह बताया। तीन साल में काम में पारंगत हो गया तो उन्होंने नौकरी दे दी। साल भर यहां बतौर मेकअप मैन काम किया। 2018 में जीवन को दिशा मिल गई। स्टार प्लस के सीरियल कयामत की रात में काम मिला। वहां से मेकअप मैन के रूप में जो यात्रा शुरू की तो पीछे मुड़कर नहीं देखा। फिल्म स्टार अक्षय कुमार के वीडियो किसी और का हूं में भी काम किया।

जिस काम में आपका मन लगे, वही करें 
कलाम कहते हैं जिंदगी में बहुत संघर्ष किया। निचोड़ यह रहा कि जिस काम में आपका मन लगे, वही करें। हिम्मत न हारें। काम मेहनत और लगन से करें। सफलता आपका वरण करेगी। जिस काम में रुचि नहीं, कोई लाख दबाव दे, मगर उसे करके आप आगे नहीं बढ़ पाएंगे।