logo

कंगना रनौत ने खार पुलिस स्टेशन में लगाई हाजिरी, जानिए किस मामले में अभिनेत्री पर दर्ज हुआ है केस

16355news.jpg

द फॉलोअप टीम, मुंबई: 

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत गुरुवार को मुंबई में खार पुलिस स्टेशन पहुंची। खार पुलिस स्टेशन पहुंचकर कंगना रनौत ने अपना बयान दर्ज करवाया। गौरतलब है कि कंगना रनौत को एक सोशल मीडिया पोस्ट के सिलसिले में तलब किया गया था। दरअसल, कंगना ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कृषि बिल का विरोध कर रहे किसानों को कथित तौर पर खालिस्तानी कहा था। 

मुंबई में कंगना के खिलाफ केस दर्ज
गौरतलब है कि कंगना रनौत के खिलाफ बीते महीने मुंबई में केस दर्ज किया गया था। आरोप था कि कंगना रनौत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर किसानों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की। तीन कृषि कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों को खालिस्तानी एजेंट कहा था। इस बात को लेकर हाल ही में पंजाब में किसानों ने कंगना की गाड़ी को घेर लिया था और माफी मांगने को कहा। ये वाकया उस वक्त हुआ जब कंगना रनौत हिमाचल से दिल्ली सड़क मार्ग से जा रही थीं। कंगना ने इसका वीडियो शेयर किया था। 

कंगना रनौत के आपत्तिजनक बयान
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कंगना रनौत अक्सर अपने बयानों के लिए सुर्खियों में रहती हैं। जब 19 नवंबर को प्रधानमंत्री ने किसान बिल को वापस लेने का ऐलान किया तो कंगना रनौत ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसा नहीं करना चाहिए था। कंगना रनौत ने ये भी कहा कि यदि संसद में बैठे जनप्रतिनिधियों की बजाय सड़क पर बैठे लोग कानून बनाएंगे तो राष्ट्र जिहादी बन जायेगा। कंगना रनौत के इस बयान की भी खूब आलोचना हुई थी। उनका ट्विटर अकाउंट भी सस्पेंड हो गया था। 

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता हैं कंगना रनौत
हाल ही में कंगना रनौत को फिल्म पंगा और मणिकर्णिका के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके बाद कंगना ने एक निजी समाचार चैनल के टॉक शो में कह दिया कि हमें वास्तविक आजादी 2014 में मिली। 1947 में मिली आजादी दरअसल भीख थी। उन्होंने महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू जैसी हस्तियों पर भी सवाल खड़ा किया। इस बयान की भी आलोचना की गई थी।