logo

थम नहीं रही है कंगना की मुश्किलें! सिखों पर बयान को लेकर अभिनेत्री को दिल्ली तलब किया 

15328news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

अभिनेत्री कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा की अध्यक्षता वाली दिल्ली विधानसभा की शांति और सद्भाव समिति ने आगामी 6 दिसंबर को कंगना रनौत को तलब किया है। मिली जानकारी के मुताबिक कंगना रनौत को सिखों पर उनकी कथित टिप्पणी को लेकर तलब किया गया है। कुछ माह पूर्व कंगना रनौत ने कृषि कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों को खालिस्तानी कह दिया था। 

बयानों के लेकर सुर्खियों में रहती हैं कंगना
गौरतलब है कि कंगना रनौत अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। बीते कुछ समय से कंगना रनौत लगातार बीजेपी की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के पक्ष में बयानबाजी करती हैं। कृषि कानून को लेकर किसानों द्वारा किये जा रहे आंदोलन पर टिप्पणी करते हुए कंगना रनौत ने किसानों को खालिस्तानी बता दिया था। कंगना रनौत ने ये भी कहा था कि ये लोग खालिस्तानी एजेंडे के तहत काम कर रहे हैं। किसानों औऱ बंगाल हिंसा पर की गई विवादित टिप्पणियों की वजह से कंगना रनौत का ट्विटर सस्पेंड कर दिया गया था। 

2014 में असली आजादी वाला विवादित बयान
कंगना रनौत ने पद्मश्री पुरस्कार मिलने के बाद एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा था कि भारत को 1947 में मिली आजादी दरअसल एक भीख थी। उन्होंने कहा था कि भारत को असली आजादी साल 2014 में मिली। यही नहीं, महात्मा गांधी पर भी कंगना रनौत ने विवादित टिप्पणी की थी। कहा था कि दूसरा गाल करना दरअसल भीख ही होती है। उन्होंने कहा कि हमे अपने नायकों के चयन में सावधानी बरतने की जरूरत है। 

किसानों पर कंगना ने की थी विवादित टिप्पणी
हाल ही में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि कानूनों को वापस लेने का ऐलान किया तो कंगना रनौत ने कहा था कि जिस देश में संसद की बजाय सड़क पर बैठे लोग तय करते हैं कि कौन सा कानून बनेगा तो ये जिहादी राष्ट्र की निशानी है। कंगना रनौत ने कहा था कि वो इस फैसले से खुश नहीं हैं। सरकार को नहीं झुकना चाहिये था। 

इन फिल्मों के जरिये पहचानी जाती हैं कंगना
कंगना रनौत ने बॉलीवुड में फैशन, क्वीन, तनु वेड्स मनु, तनु वेड्स मनु रिटर्न्स, सिमरन, मणिकर्णिका और पंगा जैसी फिल्मों के जरिये अलग पहचान बनाई है। कंगना रनौत को महिला केंद्रित फिल्मों के निर्माण के लिए जाना जाता है। कंगना रनौत 2 बार राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रह चुकी हैं। हाल ही में कंगना को फिल्म पंगा और मणिकर्णिका के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया। कंगना रनौत को हाल ही में पद्मश्री पुरस्कार भी मिला है।