logo

प्रेम की अनूठी दास्‍तान: प्रेमिका संग कमरे में रहा 3650 दिन, दीवारों को भी न लगी भनक

9622news.jpg
द फॉलोअप टीम, त्रिवेंद्रम:
हम किसी को अपने घर में कब तक लोगों की नजर से छुपा सकते है। 1 दिन, 1 सप्ताह या ज्यादा से ज्यादा 1 महीने लेकिन इतने दिनों में भी किसी ना किसी को तो इसकी भनक या खबर जरूर लग जाएगी कि हमने अपने कमरे में किसी को छुपा कर रखा है। लेकिन क्या आप कभी सोच सकते हैं कि एक लड़का अपनी प्रेमिका को पिछले दस साल से अपने कमरे में रख रहा था और किसी को कानो कान इसकी खबर तक नहीं हुई। लेकिन ऐसा हुआ है। घटना केरल के पालक्काड़ जिले की है। 10 साल पहले एक लड़की अपने घर से लापता हुई थी। वह अब अपने प्रेमी के साथ मिली और इतने साल से वह अपने प्रेमी के घर एक कमरे में रह रही थी। दोनों में से किसी के अभिभावक को भनक भी नहीं लगी कि लड़की कमरे में बंद है।  

2010 में गायब हुई थी 
बताया जा रहा है कि लड़की 2010 में नेमारा पुलिस थाना क्षेत्र के अयीरूर से लापता हुई थी।  उस वक़्त वह 18 साल की थी। अब जब यह मामला खुला है तो तो पाया गया कि महिला, प्रेमी के घर पर ही थी। लड़की का घर प्रेमी के घर से बिलकुल नजदीक है। मार्च 2021 तक लड़की व्यक्ति के साथ ही रह रही थी। वह कराक्टुपारम्ब गांव में एक कमरे में रह रही थी। लड़की की देखभाल उसका प्रेमी ही करता था। जब महिला को बाहर निकलना होता था तो वह कमरे की खिड़की से बाहर निकल जाती थी। महिला के कमरे से शौचालय भी नहीं था। उसका प्रेमी उसे खाना पहुंचाने के साथ अन्य जरूरी चीजें देकर बाहर से कमरे को बंद कर देता था। 

कैसे हुआ खुलासा 
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला का प्रेमी तीन महीने पहले लापता हो गया। उसकी जांच के दौरान महिला भी उसके साथ मिली।  मंगलवार को व्यक्ति के भाई ने दोनों का पता लगाया। दोनों नेमारा के निकट विथानासेरी गांव में एक किराए के घर में रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि पिछले 10 साल से वह कराक्टुपारम्ब में प्रेमी के घर में रह रही थी और वह इतने वर्षों से अपनी प्रेमिका को छुपाकर रखने में सफल रहा था. यहां तक कि उसके अभिभावक और उसकी बहन को भी इसका पता नहीं चल पाया था। 

साथ रहने की इजाजत मिली 
कोर्ट में जब दोनों की पेशी हुई तो अदालत ने दोनों को साथ रहने की मंजूरी दे दी। महिला को उसके प्रेमी के साथ रहने की इजाजत मिल गई। महिला की इच्छा यही थी। किसी ने इसका विरोध नहीं किया। वरिष्ठ अधिकारी का इस मामले में कहना है कि ये सारी जानकारी रिश्तेदारों से जुटाई गई है और इसकी जांच होगी।