logo

लातेहार: जल गई थी वृद्ध दंपत्ति की झोंपड़ी, डीसी अबु इमरान ने बनवा दिया नया आशियाना

10344news.jpg
द फॉलोअप टीम, लातेहार: 

यदि इच्छाशक्ति हो तो आम जनता की बखूबी मदद की जा सकती है। ये बात साबित किया है लातेहार के उपायुक्त अबु इमरान ने। उपायुक्त अबु इमरान ने लातेहार जिला के चंदवा प्रखंड अंतर्गत कामता पंचायत के चटुआग गांव के परहैया टोला निवासी दुखन परहैया और उनकी पत्नी को नया मकान बनवा कर दिया है। उनके इस प्रयास की इलाके में खूब सराहना की जा रही है। दरअसल, दुखन परहैया का मकान जल गया था। 



जंगल में लगी आग में जल गई थी झोपड़ी
मिली जानकारी के मुताबिक दुखन परहैया अपनी पत्नी के साथ लकड़ी और बांस की झोपड़ी में दशकों से रह रहे थे। भीषण गर्मी की वजह से एक दिन जंगल में आ लग गई जिसकी चपेट में आकर उनकी झोपड़ी भी जल गई। आगजनी की उस घटना में दुखन परहैया की पत्नी जलने से बच गई थी। इस घटना में दंपत्ति का आधार कार्ड और वृद्धा पेंशन वाला पासबुक जल गया था। वृद्ध दंपत्ति बांस की टोकरियां और सूप बनाकर किसी तरह से जीवन-यापन कर रहा था। 

वृद्ध दंपत्ति को मिल गया रहने का आसरा
आगलगी की घटना के बाद दंपत्ति खुले आसमान के नीचे रहने को विवश था। इसकी जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता और माकपा नेता अयुब खान ने उपायुक्त अबु इमरान को दी। अपील की गई कि वृद्ध दंपत्ति को आवास की सुविधा दी जाए। उपायुक्त ने मामले में त्वरित संज्ञान लिया। पहले तो वृद्ध दंपत्ति को पड़ोसियों के यहां रहने की जगह दिलवाई। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी को तत्काल शेड बनाने का निर्देश दिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए वृद्ध दंपत्ति के लिए तत्काल शेड बनवा दिया। दंपत्ति को रहने का आसरा मिल गया।