logo

मुंशी विशुनदेव सिंह हत्याकांड का आरोपी पिंटू लोहरा गिरफ्तार, रंगदारी विवाद में हुई थी हत्या

13501news.jpg

द फॉलोअप टीम, लातेहार: 

मुंशी विशुनदेव सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी पिंटू लोहरा को लातेहार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक लातेहार के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर ये कार्रवाई की गई। गौरतलब है कि पिंटू लोहरा की गिरफ्तारी के लिए चलाए गये अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक असीम रजक, श्याम बिहारी सिंह तथा कोने पिकेट के सशस्त्र बल के जवानों ने हिस्सा लिया था। पिंटू की गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है। 

मुंशी विशुनदेव सिंह की हत्या की थी
पिंटू लोहरा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि सदर थानाक्षेत्र अंतर्गत कोने के धरधरी नदी पर ठेकेदार विजय प्रसाद द्वारा पुल का निर्माण करवाया जा रहा था। अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमसी सुप्रीम पप्पू लोहरा इसमें रंगदारी की मांग कर रहा था। रंगदारी देने से मना करने पर पिंटू लोहरा और नरेश साव ने ठेकेदार विजय प्रसाद की बात जबरदस्ती पप्पू लोहरा से करवाई थी। 

जेजेएमपी का सक्रिय सदस्य रहा है पिंटू
पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि रंगदारी नहीं देने पर उग्रवादियों ने 12 मार्च 2021 को पुल निर्माण की देख-रेख में जुटे मुंशी विशुनदेव सिंह की हत्या कर दी। अमित कुमार ने बताया कि पिंटू लोहरा जेजेएमपी दस्ते का सक्रिय सदस्य है। वो पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। अब पुलिस उसे कोर्ट में पेश करेगी।