logo

एनडीए प्रत्याशी के तौर पर भाजपा से लुईस मरांडी ने आज नामांकन दाखिल किया

1754news.jpg
द फॉलोअप टीम, दुमका
दुमका विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए एनडीए प्रत्याशी के तौर पर भाजपा नेता लुईस मरांडी ने मंगलवार को एक सेट में नामांकन का पर्चा दाखिल किया। लुइस के नामांकन के दौरान भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, झारखंड भाजपा के अध्यक्ष दीपक प्रकाश के अलावा जदयू, लोजपा और आजसू के कार्यकर्ता भी मौजूद थे। 

हेमंत से हार गई थीं लूईस
बता दें कि 2019 में दुमका विधानसभा चुनाव में लुइस मरांडी को हेमंत सोरेन ने 13,188 वोट के अंतर से हरा दिया था। हेमंत बरहेट से भी चुनाव लड़े थे और जीते थे। दो जगहों से जीतने के बाद हेमंत सोरेन ने दुमका विधानसभा सीट छोड़ दी थी जिसके चलते यहां उपचुनाव हो रहे हैं। तीन नवंबर को यहां वोटिंग होगी, जबकि 10 नवंबर को मतों की गिनती की जाएगी। नतीजे भी इसी दिन घोषित होंगे।

महिला मोर्चा की अध्यक्ष और मंत्री भी रहीं लुईस
लुईस मरांडी मंत्री बनने से पहले भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा की अध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके अलावा वे झारखंड महिला कमीशन की मेंबर भी रह चुकी हैं। जब राजनाथ सिंह 2012 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब लुईस भाजपा की राष्ट्रीय सचिव थीं। लूईस मरांडी मिशन द्वारा संचालित हॉस्टल में रहकर पढ़ाई की मैट्रिक की परीक्षा में उर्त्तीण हो, दुमका स्थित महिला कॉलेज से इंटर किया। वर्ष 1985 में ब्रेन्चूस किस्कू के साथ शादी हुई, जिन्होंने आगे की पढ़ाई के लिये लुईस को प्रेरित किया।

2009 में पहली बार चुनाव लड़ी थी लूईस
लुईस पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर 2008 में सिद्धो-कान्हो मुर्मू विश्वविद्यालय सहायक प्राध्यापक के पद नियुक्त हुईं। 1998-99 में भाजपा में शामिल हो गयीं। वर्ष 2009 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ी। वर्ष 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हराकर दुमका में 37 साल बाद गैर-झामुमो पार्टी का झंडा लहराया व राज्य की समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास मंत्री बनीं थीं।

बसंत ने सोमवार को किया था नामांकन
दुमका उपचुनाव के लिए महागठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी बसंत सोरेन ने सोमवार को दो सेट में अपना नामांकन दाखिल किया। निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी महेश्वर महतो के कार्यालय में बसंत ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस मौके पर उनके साथ पार्टी के महासचिव विजय कुमार सिंह, चार्टड अकाउंटेंट जयपुरियार उपस्थित थे। नामांकन प्रपत्र में प्रस्तावक पार्टी के केन्द्रीय महासचिव विजय कुमार सिंह एवं सिराजुद्दीन अंसारी हैं।

दुमका सीट पर रहा है झामुमो का कब्जा 
दुमका विधानसभा सीट पर 2005 और 2014 के चुनावों को छोड़ दें तो 1980 से इस सीट पर झामुमो के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। 2005 में स्टीफन मरांडी ने निर्दलीय चुनाव लड़ते हुए हेमंत सोरेन को हराया था। वहीं 2014 के विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन भाजपा प्रत्याशी लुइस मरांडी से हार गए थे। 2019 के चुनाव में झामुमो की इस सीट पर वापसी हुई। हेमंत ने लुइस मरांडी को 13 हजार से अधिक वोट से हराया था। अब हेमंत सोरेन के सीट छोड़ देने के बाद दुमका उपचुनाव में एक बार फिर से झामुमो और भाजपा आमने-सामने है।