logo

Jharkhand Budget 2021: बजट पर चर्चा के बीच आया 'महाभारत' का जिक्र, भिड़े झामुमो और बीजेपी के विधायक

6018news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। शुक्रवार को सदन की कार्यवाही का पांचवा दिन था। बजट सत्र पहले ही दिन से काफी हंगामेदार रही है। सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच गर्मागर्म बहसें भी हुई तो कभी चुटीले अंदाज में तंज भी कसा गया। इस बीच ताजा मामला गिरिडीह विधायक और हजारीबाग से बीजेपी विधायक के बीच मजेदार नोंकझोंक देखने को मिली। 

बजट में क्यों आया महाभारत का जिक्र
दरअसल, कार्यवाही के दौरान गिरिडीह के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू बजट पर चर्चा करते हुए महाभारत के एक दृष्टांत का प्रयोग करते हुए आम बजट के फायदे गिना रहे थे। वे अपना व्यक्तव्य पेश कर ही रहे थे कि हजारीबाग से बीजेपी के विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि महाभारत की कहानी से झारखंड का विकास नहीं होगा। आप तथ्यात्मक ढंग से बजट के बारे में बताइये। इस बात पर दोनों विधायकों के बीच गर्मागर्म बहस हो गयी। स्पीकर ने किसी तरह मामला शांत करवाया। 
इस बीच नाथूराम गोडसे के नाम पर भी जमकर हंगामा हुआ। दरअसल गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने सदन में नाथूराम गोडसे मुर्दाबाद का नारा लगाया। इसके बाद रांची से विधायक और पूर्व नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने स्टेन स्वामी को सामने रखकर सरकार को घेरने की कोशिश की। 

हंगामेदार रहा है विधानसभा का बजट सत्र
बता दें कि झारखंड विधानसभा का बजट सत्र अब तक एक भी दिन शांतिपूर्ण ढंग से नहीं गुजरा है। शुरुआत से ही सदन की कार्यवाही हंगामे के बीच चलती रही है। विपक्षी विधायकों द्वारा इतना विरोध किया जा रहा है कि स्पीकर रबींद्रनाथ महतो को कई बार सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। बुधवार को बजट भाषण के बीच बीजेपी विधायकों की तरफ से कथित तौर पर सीटी बजाई गयी। गुरुवार को बीजेपी के विधायक वेल में आ गये और भजन गाना शुरू कर दिया। विपक्षी विधायक कभी अपनी सीट पर लेट जाते हैं तो कभी उठकर टहलने लगते हैं। 

भारतीय जनता पार्टी के विधायक पहले नियोजन नीति पर चर्चा की मांग कर रहे थे। शुक्रवार को बीजेपी विधायकों ने कार्य स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा की मांग की। मांग को लेकर वेल में आ गये और हंगामा किया। कुछ विधायक सरकार की नीतियों के विरोध में तख्तियां लेकर सदन के प्रवेश द्वार में बैठ गये।