logo

महिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोल हस्ताक्षर अभियान चलाया

1652news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची  
झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमिटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ मंगलवार को हल्ला बोल हस्ताक्षर अभियान चलाया। रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदेश महिला कांग्रेस की सुश्री गुंजन सिंह के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना और अन्य पांच मुद्दों को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसका संचालन रांची महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष चन्द्रश्मी पिंगुवा ने किया।

महिला कांग्रेस ने धरना दिया
महिला अध्यक्ष सुश्री गुंजन सिंह के नेतृत्व में आओ बहनों हाथ से हाथ मिला़ओ-महिलाओं को सशक्त बनाओ कार्यक्रम के तहत हाथरस की बेटी को इंसाफ दिलाने, केंद्र सरकार की योजना एवं नियोजन पर महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित कराने, केंद्र सरकार द्वारा पारित किसान कानून को अविलम्ब वापस लेने, महिला उत्पीड़न पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने एवं असंगठित महिला मजदूरों की समस्याओं के निदान के लिए पूर्वाहन 11.30 बजे से 2.00 बजे तक हस्ताक्षर अभियान चलाने के अलावा धरना दिया गया।

देश में दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं: डॉ. रामेश्वर उरांव
झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा है कि एक ओर देश में दुष्कर्म की घटना बढ़ी है, वहीं लोकतंत्र का गला घोटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के लिए दुर्भाग्य की बात है कि केंद्र सरकार ने कृषि क्षेत्र को भी पूंजीवाद के हवाले कर दिया है और भारत की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी है। डॉ. रामेश्वर उरांव मंगलवार को रांची के अल्बर्ट एक्का चौक में प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा हाथरस की घटना के खिलाफ एक महीने तक चलनेवाले ‘‘आओ बहनों हाथ से हाथ मिलाओ’’ कार्यक्रम के तहत हस्ताक्षर अभियान के उदघाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री ने कई मुद्दों पर केंद्र से सवाल किए
डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से यह साफ कहा गया है कि सत्ता में आते ही कृषि क्षेत्र से संबंधित पारित तीन विधेयकों को निरस्त कर दिया जाएगा। बिहार में शराब की अवैध बिक्री पर पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि वहां किसकी सरकार है, यह सभी जानते हैं। वे ही बताएंगे कि शराब की आपूर्ति कहां से हो रही है।

'9 महीने के कामकाज पर मांगेंगे वोट' 
झारखंड में दो सीटों पर उपचुनाव के संबंध में पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि यह चुनाव स्थानीय मुद्दे और राज्य सरकार के 9 महीने के कामकाज के आधार पर लड़े जाएंगे। राज्य सरकार ने जिस तरह से लॉकडाउन में अपने प्रवासी कामगारों को हवाईजहाज से लाने का काम किया, वहीं देशभर के विभिन्न हिस्सों से लौटे प्रवासी कामगारों को मनरेगा के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया, झारखंड में रहनेवाले गरीब और जरूरतमंद परिवारों को अनाज उपलब्ध कराने का काम किया। 

'दलित की बेटी को इंसाफ देना होगा'
महिला अध्यक्ष सुश्री गुंजन सिंह ने कहा कि दलित की बेटी का परिवार इंसाफ मांग रहा है। इंसाफ देने की बजाय घटना पर योगी आदित्य नाथ परदा डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हर कदम अपने कुछ पूंजीपति मित्रों के हित को ध्यान में रखकर उठाती है। जिस तरह से कृषि क्षेत्र को पूंजीपतियों के हवाले करने की कोशिश की जा रही है, उससे आनेवाले समय में पूरे देश के किसानों की स्थिति दयनीय हो जाएगी।

'सबकुछ योगी के इशारे पर हुआ'
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि हाथरस की घटना को लेकर पूरा देश आक्रोशित है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ उत्तर प्रदेश की पुलिस द्वारा जिस तरह से दुर्व्यवहार किया गया, उसे देखकर यह साबित होता है कि सबकुछ केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इशारे पर हुआ है। आनेवाले समय में जनता इसका जवाब देगी।