logo

कैसी है ममता बनर्जी की तबीयत: कहां लगी चोट? सीएम ने वीडियो के जरिये दी हेल्थ अपडेट

कैसी है ममता बनर्जी की तबीयत: कहां लगी चोट? सीएम ने वीडियो के जरिये दी हेल्थ अपडेट
द फॉलोअप टीम, कोलकाता: 
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नंदीग्राम में नामांकन दाखिल करके लौटने के दौरान चोट लगी। ममता बनर्जी और टीएमसी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके साथ धक्का-मुक्की की जिसकी वजह से उन्हें चोटें आईं। ममता बनर्जी ने कहा कि एक व्यक्ति ने उनके पैर पर गाड़ी चढ़ा दी, जिसकी वजह से उनके पैरे में गंभीर चोट आई। हालांकि, बीजेपी का कहना है कि ममता बनर्जी नाटक कर रही हैं क्योंकि इतनी सुरक्षा के बीच किसी का सीएम को धक्का देना और गायब हो जाने वाली बात पचती नहीं है। 


ममता बनर्जी ने दी सेहत की जानकारी
इस बीच ममता बनर्जी ने एक वीडियो बयान जारी किया। ममता बनर्जी ने इस वीडियो में अपनी चोट की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुझे हाथ, पैर और लिगामेंट में चोट लगी है। कहा, मैं अपनी कार के पास खड़ी थी तभी कुछ लोगों ने मुझे धक्का दिया। सीएम ने कहा कि मैं दवाईयां ले रही हूं और जल्दी ही कोलकाता से चुनावी रैली के लिए चली जाउंगी। ममता बनर्जी ने ये भी कहा कि मैं सभी लोगों से शांति बनाये रखने की अपील करती हूं। लोगों से अपील करती हूं कि ऐसा कुछ भी करने से बचिये जिसकी वजह से किसी को असुविधा हो। ममता बनर्जी ने कहा कि मैं अगले 2 से 3 दिनों में काम पर लौट आउंगी।
 


ममता से मिलीं मिमी और नुसरत जहां
इस बीच कोलकाता में टीएमसी सांसद और टॉलीवुड अभिनेत्री नुसरह जहां, मिमी चक्रवर्ती और मदन मित्रा ने एसएसकेएम अस्पताल का दौरा किया। इन तीनों सांसदों ने ममता बनर्जी से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। बंगाल से बीजेपी सांसद लॉकेट चटर्जी ने पूरे मामले पर कहा कि ममता बनर्जी को जेड प्लास सुरक्षा दी गयी है। मैं इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग करती हूं। मैं नहीं चाहती कि इस बारे में कोई राजनीति की जाये क्योंकि ये मानवता से जुड़ा मामला है। 



नंदीग्राम में हुआ ममता बनर्जी पर हमला
बता दें कि ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए नंदीग्राम विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने से पहले ममता बनर्जी ने पूरे लाव-लश्कर के साथ रोड शो भी किया। ममता बनर्जी का आरोप है कि जब वो नामांकन दाखिल करके बाहर निकलीं तो कुछ लोगों ने उनपर हमला किया। उन्हें धक्का दिया और पैर पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया। हालांकि भारतीय जनता पार्टी ने इन तमाम आरोपों से साफ इंकार किया है। 



आठ चरणों में होगा बंगाल का चुनाव
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों के लिये 8 चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण की वोटिंग 27 मार्च को होगी वहीं आखिरी और 8वें चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। चुनाव परिणाम 2 मई को आयेंगे। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार पश्चिम बंगाल में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच होगा। कांग्रेस और लेफ्ट फ्रंट भी कड़ी टक्कर दे सकती है। बता दें कि 2016 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने महज 3 सीटें जीती थीं लेकिन, इसके बाद बीजेपी ने वहां संगठन को मजबूत बनाने में लगातार काम किया। इसका परिणाम हुआ कि भारतीय जनता पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 42 में से 18 सीटें हासिल की। बीजेपी ने यहां 43 वोट फीसदी वोट भी हासिल किया।