logo

ट्रैफिक पोस्ट में ड्यूटी कर पास की JPSC की परीक्षा, कई सहायक पुलिसकर्मी हुए पास 

14527news.jpg


द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखण्ड में सातवीं JPSC पीटी की परीक्षा का परिणाम पिछले दिनों जारी हुआ। 4293 अभ्यर्थी इसमें सफल हुए हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि रांची के मोरहाबादी मैदान में आंदोलन कर रहे कई सहायक पुलिसकर्मी भी इस परीक्षा में सफल हुए हैं। जानकारी के अनुसार 6 सहायक पुलिसकर्मियों ने इसमें सफलता हासिल की है। उन्ही में से एक हैं गिरिडीह जिला के सहायक पुलिस अजय मंडल जो ट्रैफिक पोस्ट में ड्यूटी करते हुए यह सफलता हासिल किये हैं।


कैसे हासिल की सफलता 
JPSC सिविल सर्विसेज की परीक्षा राज्य की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक है। इस परीक्षा की तैयारी में छात्र वर्षों से लगे रहते हैं उसके बाद उसमें सफलता मिलती है। गिरिडीह जिला में पदस्थापित सहायक पुलिस अजय मंडल की ड्यूटी ट्रैफिक पोस्ट में लगी थी। वह ट्रैफिक में ड्यूटी करते थे उसके बाद समय निकालकर JPSC की पढ़ाई करते थे। सालों की मेहनत के बाद उन्होंने इसमें सफलता पाई है। अजय ने द फॉलोअप को बताया कि सातवीं JPSC से पहले छठी JPSC में भी उन्होंने सफलता पाई थी। लेकिन उस समय वह मेंस की परीक्षा में पास नहीं कर पाए थे। अजय ने बताया कि इस बार वह मेंस की तैयारी करने के लिए वह छुट्टी लेंगे ताकि अच्छे से पढ़ाई कर सकें। अजय ने बताया कि एक महीने के आंदोलन के दौरान वह टेंट में पढ़ाई करते रहे. अब वह यहीं से कोचिंग भी कर रहे थे।

 

इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद बने सहायक पुलिस 
अजय ने द फॉलोअप को बताया कि वह सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। इंजीनियरिंग करने के बाद भी जब अच्छी नौकरी नहीं मिली तब उन्हें मजबूरन सहायक पुलिस में ज्वाइन करना पड़ा। वह दर्जनों सरकारी नियुक्ति की परीक्षा में सफल हो चुके हैं लेकिन फाइनल में सलेक्शन नहीं हो पाता है। उसी कमी को दूर करने के लिए वह लगातार तैयारी कर रहे हैं।