logo

धनबाद: जंगल में फंदे से लटका मिला विवाहित महिला का शव, छानबीन में जुटी पुलिस

8924news.jpg
द फॉलोअप टीम, धनबाद: 

विवाहिता का शव जंगल में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका की उम्र तकरीबन 45 वर्ष है। घटना धनबाद जिला के निरसा भलाजोरिया इलाके की है। महिला का शव श्मशान घाट समीप जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला। महिला जगजीवन नगर की रहने वाली थी। महिला ने आत्महत्या की या प्लान के तहत उसकी हत्या की गई है। फिलहाल इसका पता लगाने में जुट गई है। 

स्थानीय लोगों ने देखा था महिला का शव
मिली जानकारी के मुताबिक स्थानीय लोग सोमवार की सुबह जंगल की तरफ गए थे। जंगल में उन्हें महिला की लाश पेड़ में दुपट्टे से बने फंदे से लटकती मिली। महिला का शव देखकर लोगों ने शोर मचाया। कुछ ही देर में वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को शव होने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। मृत महिला के परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई। 

महिला की कलाई में काटे जाने का निशान
घटनास्थल से महिला की टूटी हुई चप्पल और एक छोटा सा चाकू मिला है। मृत महिला की बाईं कलाई में काटे जाने का निशान भी मिला। इससे गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस फिलहाल ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ने आत्महत्या की या किसी ने उसकी हत्या कर फांसी से लटका दिया। पुलिस हर बिंदु से मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।