logo

संदिग्ध हालत में फांसी से लटकता मिला विवाहिता का शव, पिता ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

8333news.jpg
द फॉलोअप टीम, गढ़वा: 

गढ़वा में एक 22 वर्षीय विवाहिता ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान संगीता देवी के रूप में की गयी है। मामला गढ़वा जिला के रमना थानाक्षेत्र अंतर्गत हरादाग कला गांव का है। जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार सुबह की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की छानबीन कर रही है। 

तीन साल पहले हुई थी संगीता की शादी
जानकारी के मुताबिक मेराल थानाक्षेत्र अंतर्गत हासनदाग गांव की रहने वाली संगीता की शादी  3 साल पहले हरादाग कला गांव के अखिलेश चौधरी के साथ हुई थी। घटना वाले दिन अखिलेश किसी काम से अपने ससुराल गया था। अखिलेश का कहना है कि जब वो रात को तकरीबन ग्यारह बजे घर लौटा तो दरवाजा खुलवाने के लिए आवाज लगाया। काफी आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने खपड़ैल मकान वाले मकान के ऊपरी हिस्से से घर में प्रवेश किया। 

गांव के लड़के के साथ संगीता का अफेयर! 
बकौल अखिलेश उसकी पत्नी संगीता गांव के ही एक लड़के के साथ आपत्तिजनक हालत में थी। अखिलेश ने रात को ही अपने ससुराल वालों को घर बुलाया। जानकारी के मुताबिक संगीता को मायके वालों ने समझाया-बुझाया। प्यार से अखिलेश रहने को कहा। वे मामला शांत करवाकर अपने घर चले गये। अखिलेश का कहना है कि जब सुबह उसकी नींद खुली तो उसने अपनी पत्नी संगीता को फंदे से झूलता पाया। उसका कहना है कि तब उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। 

पिता ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
दूसरी तरफ मामले में मृतका संगीता के पिता रामनाथ चौधरी ने संगीता के पति, सास-ससुर, भाई-भौजाई और देवर पर हत्या का आरोप लगाया है। थाने में प्राथमिकी भी दर्ज करवाई है। मामले में थाना प्रभारी रणविजय सिंह ने कहा कि हत्या सहित तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन की जा रही है।