logo

Politics : कांग्रेस नेताओं में थोड़ी सी भी शर्म बची हो तो इरफान अंसारी को उनके बयान के लिए दंडित करेंः मेयर आशा लकड़ा 

3c77e922-8f6d-4db8-846b-3f604892e59f.jpg

द फॉलोअप टीम, रांचीः
जामताड़ा से कांग्रेस विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने कल एक वीडियो जारी करते हुए कंगना रनौत को लेकर विवादित बयान जारी किया था। यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री सह रांची की मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने कहा है कि इरफान अंसारी को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। विधायक के इस बयान से महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंची है। क्या विधायक के मन में एक नारी के प्रति यही सम्मान है? उन्होंने यह भी कहा कि इससे पूर्व भी विधायक इरफान अंसारी लड़कियों पर विवादित बयान दे चुके हैं। 


राफिया नाज़ के खिलाफ बयान दिया था 

बता दें कि इरफान अंसारी ने कहा था 'जामताड़ा की सड़कें फ़िल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के गाल से भी ज्यादा चिकनी होगी।'  मेयर ने कहा कि अगस्त 2020 में उन्होंने रांची की योग शिक्षिका और भाजपा नेता राफिया नाज़ के खिलाफ विवादित बयान दिया था। योग शिक्षिका पर योग के दौरान पहने जाने वाले कपड़े को उन्होंने इस्लाम के खिलाफ बताया था। उन्होंने कहा था, राफिया योग के बदले अंग प्रदर्शन करती हैं। विधायक के इस बयान के बाद उनपर महिलाओं को अपमानित करने का आरोप भी लगाया गया था। 


 

ओछी मानसिकता का परिचय 
भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि सत्ता के नशे में चूर कांग्रेसी विधायक इरफान अंसारी अपनी ओछी मानसिकता का परिचय दे रहे हैं। जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र की जिन मां-बहनों ने अपना मत प्रदान कर उन्हें विधायक बनाया है, उन मां-बहन व बेटियों को भी अपने बयान से अपमानित करने का काम किया है। राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के कांग्रेस नेताओं में थोड़ी सी भी शर्म बची हो तो विधायक इरफान अंसारी को उनके बयान के लिए दंडित करें।