logo

बरसी: कार्टूनिस्‍ट और झारखंड आंदोलनकारी बशीर अहमद को सम्मान देने की उठी मांग

11738news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

भाकपा माले मुख्यालय में आज कार्टूनिस्‍ट और झारखंड आंदोलनकारी बशीर अहमद की बरसी पर स्मृति सभा हुई। जिसमें कहा गया कि  बशीर अहमद झारखण्ड आन्दोलनकार के प्रारम्भिक दौर में सक्रिय लोगों में रहे। वो एआइपीएफ और भाकपा माले के अगुवा भी रहे। कोरोना काल की पिछली लहर में उनका निधन हो गया था।  सभा में झारखण्ड सरकार से दिवंगत फ़नकार बशीर अहमद को सम्मान देने की मांग भी उठी। वहीं उनकी सभी कलाकृतियों के संग्रह प्रकाशन के लिए कमिटी का भी गठन किया गया। जिसमें प्रेमचचंद मुर्मू , कुमार वरुण , वाल्टर कंडूलना और जेवियर कुजूर आदि को शामिल किया गया है। मौके पर भाकपा माले राज्य सचिव जनार्दन प्रसाद ने कहा कि बहुआयामी प्रतिभा के धनी बशीर अहमद एक सामाजिक पुल थे। 

 

 

झारखण्ड की चुनौतियों की गहरी समझ
स्मृति सभा में आदिवासी बुद्धिजीवि प्रेमचन्द मुर्मू ने उन्हें एक हरफनमौला सच्चा सामाजिक आन्दोलनकारी बताया। सामाजिक कार्यकर्त्ता  कुमार वरुण ने उनके संस्मरणों को साझा करते हुए कहा कि झारखण्ड की चुनौतियों की उनको गहरी समझ थी। एक्टू झारखण्ड महासचिव शुभेंदु सेन ने कहा कि वे महेंद्र सिंह की भांति उन्‍होंने बहुमुखी संघर्षशील व्यक्तित्व का निर्माण करते हुए व्यापक सामाजिक मान्यता पायी। मुस्लिम मजलिस उलेमा झारखण्ड के केन्द्रीय अध्यक्ष मुफ़्ती अब्दुल्ला अज़हर कासमी ने उन्हें झारखंडी सामाजिक एकता की बेमिसान धरोहर कहा। झारखण्ड जन संस्कृति मंच के जेवियर कुजूर ने कहा कि उनकी सामाजिक सक्रियता के साथ कलाकर्म में भी पूरी तरह से झारखंडियत झलकता था। 

 

 

आर के लक्षमण की परम्परा के कार्टूनिस्‍ट

फोरम के युवा अगुवा नदीम खान ने कहा कि बशीर अहमद ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रिय ‘लहू बोलेगा‘ जैसे सामाजिक अभियान को मजबूती दी। वे मुस्लिम और वामपंथ एकता के आवाज़ रहे। माले के भुवनेश्वर केवट, इप्टा के इप्तिखार अहमद और ऐपवा की ऐती तिर्की इत्यादि ने भी उनसे जुड़े प्रेरक प्रसंगों को रेखांकित किया। बशीर अहमद के दोनों बेटों ने भी संस्‍मरण साझा किए। सञ्चालन करते हुए फोरम व जसम के अनिल अंशुमन ने बशीर को आर के लक्षमण की परम्परा का कार्टूनिस्‍ट बताया। मासस के सुशांतो मुखर्जी ने कहा कि बशीर अहमद के विचारों और कर्म  में झारखण्ड के जल, जंगल और ज़मीन का सवाल गहराई के साथ मौजूद था।