logo

त्यौहारों को देखते हुए अब रविवार को भी बाजार खोलने की मिले छूट- झारखंड चैंबर

14159news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

दीपावली, छठ पूजा समेत अन्य आनेवाले त्यौहारों को देखते हुए अब प्रदेश में रविवार को भी बाजार पूर्णरूप से खोलने की छूट दी जानी चाहिए। त्यौहारी सीजन के दौरान शहर में लॉ एण्ड ऑर्डर की व्यवस्था सुव्यवस्थित रहे, शहर में पर्याप्त संख्या में पुलिस गश्त बढाई जाए, दुर्गा पूजा के समय सडकों पर बढते ट्रॉफिक लोड को कम करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा मालवाहक वाहनों/ऑटो के आवागमन पर जारी प्रतिबंध में ढील दी जाए और व्हाईट लाइन के अंदर पार्क होनेवाले वाहन से जुर्माना नहीं लिया जाए। उक्त सभी मांगे फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से की है। 

 

चैंबर भवन में एसएसपी के साथ बैठक

शहर की यातायात एवं लॉ एण्ड ऑर्डर की व्यवस्था पर आज चैंबर की एक बैठक वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र झा के साथ हुई। चर्चा में कई बिंदुओं पर एसएसपी ने सहमति जताई। चैंबर भवन में हुई एक अन्य बैठक के दौरान रिटेल ट्रेड उप समिति चेयरमेन योगेंद्र पोद्दार ने कहा कि जो खुदरा व्यापारी अब तक फूड लाइसेंस एवं निबंधन नहीं कराये हैं, वे शीघ्र निबंधन करा लें ताकि अनावश्यक कठिनाईयों से बचा जा सके। बैठक में चैंबर अध्यक्ष धीरज तनेजा, उपाध्यक्ष दीनदयाल बरनवाल, महासचिव राहुल मारू, सह सचिव रोहित अग्रवाल, विकास विजयवर्गीय, कोषाध्यक्ष मनीष सर्राफ, कार्यकारिणी सदस्य किषोर मंत्री, आदित्य मल्होत्रा, नवजोत अलंग, अनीस बुधिया, को-ऑर्डिनेशन विद पॉलिटीकल उप समिति की चेयरपर्सन महुआ मांजी, सदस्य राजीव सहाय उपस्थित थे।

को-ऑर्डिनेशन विद पॉलिटीकल उप समिति की बैठक
चैंबर द्वारा गठित को-ऑर्डिनेशन विद पॉलिटीकल उप समिति की बैठक के दौरान अपर बाजार की यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित कराने पर गहन चर्चा हुई। बिना पार्किंग की व्यवस्था किये, अपर बाजार क्षेत्र में निगम द्वारा अभियान चलाकर दुकानदारों और ग्राहकों से जुर्माना वसूले जाने पर आपत्ति जताई गई। यह कहा गया कि इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए निगम और प्रशासन को व्यापारियों के साथ मिलकर साकारात्मक वातावरण में प्रयासों को गति देनी चाहिए। बैठक में उप समिति चेयरमेन योगेंद्र पोद्दार, सदस्य कृष्ण गोयल एवं संजीव कुमार उपस्थित थे।