द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: धनबाद (Dhanbad) में साइबर अपराध (Cyber Crime) के खिलाफ पुलिस ने साइबर शील्ड (Operation Cyber Shield) नाम से मेगा ऑपरेशन शुरू किया है। इसी अभियान के तहत पुलिस (Dhanbad Police) ने निरसा थानाक्षेत्र अंतर्गत पिठाकियारी गांव में छापेमारी करके 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 2 लाख 85 हजार रुपये कैश, 19 मोबाइल फोन, 7 डेबिट कार्ड, पासबुक, चेकबुक, 5 आधार कार्ड, 2 पैन कार्ड और साइबर फ्रॉड के विवरण वाली डायरी बरामद की है।
धनबाद के एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी की अगुवाई में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। इस टीम में 35 पुलिस पदाधिकारियों के अलावा 120 पुरुष और महिला पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस ने गुप्त सूचना पर की कार्रवाई
दरअसल, शुक्रवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पिठाकियारी में कुछ लोग साइबर अपराध की बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर सहायक पुलिस अधीक्षक अंकित सिन्हा, निरसा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लीलेश्वर महतो और डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव समेत पुलिस टीम ने संभावित ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी के क्रम में पुलिस ने श्याम सुंदर रविदास, राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास, सचिन रविदास, मलय रविदास, श्यामापदो रविदास, झंटू ठाकुर, कुंदन वर्णवाल, अरमान रविदास, अजय रविदास, विजय रविदास और सागर रविदास को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी पिठाकियारी के रहने वाले हैं।
.jpeg)
कई आरोपी हिस्ट्रीशीटर भी हैं
पुलिस ने जानकारी दी है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले भी साइबर अपराध, धोखाधड़ी और मारपीट समेत अन्य मामलों में केस दर्ज है। पुलिस ने कहा कि साइबर शील्ड अभियान आगे भी जारी रहेगा।