logo

अधेड़ ने टांगी से मां-बेटे को मारा, बच्चे की मौत, मां हॉस्पिटल में लड़ रही जिंदगी की जंग

5170news.jpg
द फॉलोअप टीम, गढ़वा: 
गढ़वा जिले में हत्या की खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या का आरोप 55 साल के अधेड़ पर है। जानकारी के मुताबिक अधेड़ ने टांगी से हमला कर स्थानीय चौकीदार के 6 वर्षीय पोते की हत्या कर दी। हमले में चौकीदार की बहू गंभीर रूप से घायल है और फिलहाल हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। घायल महिला गर्भवती थी। हमले में घायल महिला के पेट में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। हत्या की वजह काफी चौंकाने वाली है। 
हत्यारोपी नन्हेश्वर परहिया ने पुलिस को दिए अपने इकबालिया बयान में कहा कि उसे अचानक विचार आया कि किसी पर टांगी से हमला कर दो, इसलिए उसने ऐसा किया। 

रमकंडा थाना इलाके के दोहा गांव की घटना
ये पूरी घटना पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिला स्थित रमकंडा थाना इलाके के दाहो गांव की है। जानकारी के मुताबिक हत्यारोपी 55 वर्षीय शख्स का नाम नन्हेश्वर परहिया है। मिली जानकारी के मुताबिक नन्हेश्वर परहिया ने स्थानीय चौकीदार जुगल परहिया के परिवार पर अचानक टांगी से हमला बोल दिया। नन्हेश्वर परहिया ने सबसे पहले जुगल परहिया के 6 साल के पोते गौतम परहिया पर टांगी से हमला किया। 
बीच-बचाव करने आई जुगल परहिया की बहू बरती देवी पर भी टांगी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल 6 वर्षीय गौतम परहिया की इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं उसकी मां बरती देवी गंभीर रूप से घायल है। 

दोहा गांव बेटी से मिलने आया था हत्यारोपी
इधर हमले के बीच चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने मामले की सूचना रमकंडा पुलिस को दी। रमकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी रामकृष्ण सिंह के मुताबिक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी नन्हेश्वर परहिया को रविवार को जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि नन्हेश्वर परहिया रंका थाना इलाके के जोलंगा गांव का रहने वाला है। वो कुछ दिन पहले ही दाहो गांव अपनी बेटी से मिलने आया था। 

ये भी पढ़ें......

हत्या की वारदात को लेकर कई तरह की चर्चा
हत्या की इस वारदात के बाद इलाके में भय का माहौल व्याप्त है। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है लेकिन जितनी मुंह उतनी बातें कही जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद नन्हेश्वर परहिया गांव के पास बहने वाली नदी में हमले में प्रयुक्त टांगी को धो रहा था, उसी समय पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से उसे हिरासत में लिया। शुरुआत में कहा जा रहा था कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पुलिस का कहना है कि छानबीन में ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं हुई है।