द फॉलोअप टीम, नई दिल्ली:
भारत सरकार ने पेरिस ओलंपिक 2024 को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। खेल मंत्रालय ने ओलंपिक में भारत की प्रगति में तेजी लाने के लिए मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) में पूर्व अंतरराष्ट्रीय एथलीटों की संख्या को दोगुना कर दिया है। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह निर्णय पिछले ओलंपिक के देखते हुए लिया गया । उन्होंने कहा, "मौजूदा एमओसी में पूर्व एथलीटों के इनपुट ने उन एथलीटों के प्रशिक्षण और प्रतियोगिता का समर्थन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिन्होंने टोक्यो 2020 में भाग लिया और पैरा ओलंपिक खेलों में 7 पदक और 19 जीते।" एमओसी की अध्यक्षता साई के महानिदेशक करेंगे।
नए एमओसी में ये दिग्गज रहेंगे शामिल
नए एमओसी में सात दिग्गज खिलाड़ी को शामिल किया गया है। जिसमें पूर्व फुटबॉल कप्तान बाईचुंग भूटिया, अंजू बॉबी जॉर्ज, सरदारा सिंह, शूटर अंजलि भागवत, पूर्व हॉकी कप्तान वीरेन रसकिन्हा, टेबल टेनिस स्टार मोनालिसा, बैडमिंटन स्टार तृप्ति मुरुंगडे शामिल होंगी।

अर्जुन मुंडा भी शामिल
इधर भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष आदिले सुमेरीवाला, भारतीय एथलेटिक महासंघ के अध्यक्ष कमोडोर पुष्पेंद्र गर्ग , झारखंड से कैबिनेट मंत्री अर्जुन मुंडा, अजय सिंह और बृज भूषण शरण सिंह भी एमओसी का हिस्सा होंगे। ओलंपियन नाविक और खेल विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मालव श्रॉफ एमओसी में बने रहेंगे।
क्या है मिशन ओलंपिक सेल
केंद्र सरकार ने 2016 में मिशन ओलंपिक सेल का गठन किया था, जिसका नाम टॉप्स है। इसके जरिए एथलीट्स की ट्रेनिंग, बोर्डिंग, लॉजिंग ट्रेनिंग की व्यवस्था की जाती है. साथ ही बेहतर ट्रेनिंग के लिए खिलाड़ियों को विदेश भी भेजा जाता है। पिछले साल बजरंग पूनिया को भी भेजा गया था। इस स्कीम के तहत उन प्रतिभाओं को तलाशने का अभियान चलाया जा रहा है जो मुख्य धारा से कटे हुए हैं।