logo

India Corona Update: बीते 24 घंटे में मिले 3 लाख से ज्यादा कोरोना मरीज, 2 हजार से ज्यादा की मौत

7651news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

भारत में कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू हो चुकी है। तमाम प्रयासों के बाद भी संक्रमित मरीजों की संख्या में रोजाना वृद्धि देखने को मिल रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी नए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 3 लाख 14 हजार 835 नए मरीज मिले हैं। इस बीच 2 हजार 104 मरीजों की मौत हो गयी। इसी अवधि में 1 लाख 78 हजार 841 मरीजों ने कोरोना को मात दी। 

देश में 23 लाख से ज्यादा एक्टिव मरीज
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत में महामारी की शुरुआत से अब तक 1 करोड़ 59 लाख 30 हजार 965 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 34 लाख 54 हजार 880 मरीजों ने कोरोना को मात दी। मृतको की संख्या 1 लाख 84 हजार 657 तक पहुंच चुकी है। इस वक्त देश में कोरोना के 22 लाख 91 हजार 428 एक्टिव मरीज हैं। इस बीच 13 करोड़ 23 लाख 30 हजार 644 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। वैक्सीनेशन जारी है। 

महाराष्ट्र सहित ये राज्य सर्वाधिक प्रभावित
कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में महाराष्ट्र, दिल्ली, छत्तीगसढ़, मध्य प्रदेश राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों का नाम शामिल है। झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी कोरोना संक्रमण की रफ्तार काफी तेज है। हालात यहां तक बदतर हो चुके हैं कि अधिकांश राज्यों में हॉस्पिटल में बेड, आईसीयू और ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी हो गयी है। राजनीतिक बयानबाजियां जारी हैं। 

हरियाणा के जिंद में कोरोना वैक्सीन चोरी
हरियाणा के जिंद स्थित सिविल हॉस्पिटल के पीपीसी सेंटर से कोरोना वैक्सीन की खेप चोरी हो गयी है। जानकारी के मुताबिक हॉस्पिटल से कोविशील्ड की 1 हजार 270 और कोवैक्सीन की 440 डोज चोरी कर ली गयी। कहा जा रहा है कि कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की भी चोरी कर ली गयी। पीपीसी सेंटर के प्रभारी का कहना है कि मैं घटना की जांच करुंगा। अधिकारियों को सूचित किया है।