logo

संजय सेठ ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मांगी मदद, आर्मी हॉस्पिटल को आमजनों के लिए खोलने की मांग

7580news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में कोरोना का संक्रमण काफी तेजी से फैल रही है। हॉस्पिटल में जगह की कमी है। हॉस्पिटल ऑक्सीजन की कमी से भी जूझ रहे हैं। ऐसे मुश्किल वक्त में रांची से भारतीय जनता पार्टी के सांसद संजय सेठ ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से सहायता मांगी है। संजय सेठ ने मांग की है कि राजधानी रांची स्थित सेना हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमितो के इलाज की अनुमति दी जाए। 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मांगी सहायता
संजय सेठ ने ट्वीट के जरिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से सहायता मांगी है। संजय सेठ ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि कोरोना संक्रमण की वजह से रांची की स्थिति भयावह हो चुकी है। हॉस्पिटल में जगह नही बची है। आदरणीय राजनाथ सिंह जी से निवेदन है कि रांची में स्थित सेना हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमितों के इलाज हेतु आवश्यक निर्देश दिए जाएं ताकि नागरिकों को समुचित इलाज हो सके। 

दिल्ली में खोल दिया गया आर्मी हॉस्पिटल
बता दें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र नयी दिल्ली में भी आर्मी हॉस्पिटल को खोल दिया गया है। यहां अब कोरोना मरीजों का इलाज किया जा सकेगा। आम नागरिकों का भी इलाज किया जा सकेगा। राजधानी के हॉस्पिटल भी बेड और ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे हैं। यही वजह है कि वहां आर्मी हॉस्पिटल को आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। इसी तर्ज पर झारखंड में भी मांग की जा रही है। संजय सेठ की मांग पर राजनाथ सिंह की क्या प्रतिक्रिया है, अभी पता चलना बाकी है। 

रांची में सक्रिय हैं बीजेपी सांसद संजय सेठ
बता दें कि संजय सेठ राजधानी में कोरोना संक्रमितों की सहायता के लिए लगातार सक्रिय हैं। संजय सेठ द्वारा गठित टीम राजधानी में असहाय कोरोना संक्रमितों तक पौष्टिक खाना पहुंचा रही है। इसके लिए सांसद की तरफ से तीन व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया गया है। इसमें जरूरी जानकारी देकर कोई भी कोरोना मरीज दो वक्त का खाना मंगवा सकता है। ये सेवा पूर्णतया निशुल्क है।