logo

महेंद्र सिंह धोनी कब खेलेंगे अपना आखिरी T20 मुकाबला, CSK के इवेंट में कर दिया खुलासा

15166news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन का खिताब अपने नाम किया। सीएसके इसका जश्न नहीं मना पाई थी क्योंकि कप्तान धोनी टी20 विश्व कप में टीम इंडिया के मेंटोर के रूप में यूएई में ही रूक गए थे। फ्रेंचाइजी के सीईओ काशी विश्वनाथन ने कहा था कि धोनी जब लौटेंगे तभी जीत का जश्न मनाया जाएगा। इसी सिलसिले में चेन्नई में एक इवेंट का आयोजन किया गया था। 

चेन्नई में हुआ था स्पेशल इवेंट का आयोजन
चेन्नई में आयोजित इस इवेंट में सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, फ्रेंचाइजी के मालिक श्रीनिवासन और पूर्व क्रिकेटर कपिल देव शामिल हुए। यहां धोनी से कई सारे सवाल भी पूछे गये। धोनी से पूछा गया कि इतने दिनों तक सीएसके के लिए खेलने पर उन्होंने क्या सीखा। चेन्नई के क्रिकेट फैंस के साथ उनका अनुभव कैसा रहा। धोनी ने बताया कि किसी भी परिस्थिति में सीएसके के फैन ने अपनी टीम का सपोर्ट किया। हमारा लास्ट सीजन अच्छा नहीं गया। टीम 2 साल लीग से निंलबित रही लेकिन प्रशंसकों ने साथ नहीं छोड़ा। 

जब धोनी ने किया सचिन तेंदुलकर का जिक्र
इस बीच धोनी ने सचिन तेंदुलकर का भी जिक्र किया। एमएस धोनी ने कहा कि जब सचिन तेंदुलकर मुंबई इंडियंस के लिए खेलते थे और चेन्नई में बल्लेबाजी के लिए आते थे तो सबसे ज्यादा शोर उन्हीं के लिए होता था। धोनी ने इस बीच इशारों-इशारों में बता दिया कि अगला आईपीएल सीजन भी वे सीएसके के लिए ही खेलेंगे। धोनी ने कहा कि उनका आखिरी टी20 मैच चेन्नई में हो सकता है। कयास लगाये जा रहे हैं कि सीएसके अगले सीजन के लिए धोनी को रिटेन करेगी या नहीं। हालांकि धोनी ने कहा है कि फ्रेंचाइजी उन पर पैसे बर्बाद ना करें। 

2008 से ही सीएसके के साथ जुड़े रहे हैं धोनी
गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के पहले सीजन से ही चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े हैं। पहले सीजन में ही फ्रेंचाइजी ने उनको टीम की कप्तानी सौंपी थी। धोनी अब तक इसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं। बीच में 2 साल के लिए 2016-17 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स को निलंबित कर दिया गया था जब धोनी पुणे सुपरजायंट्स का हिस्सा बने थे। एक सीजन की कप्तानी भी धोनी ने की थी। ये टीम 2017 में उपविजेता भी रही थी। 

आईपीएल की सबसे कामयाब टीम रही है सीएसके
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स 4 बार इंडियन प्रीमियर लीग की विजेता रही। टीम ने 2010, 2011, 2018 और 2021 का खिताब जीता। इससे ज्यादा पांच बार केवल मुंबई इंडियंस ने ही खिताब जीता है। धोनी की कप्तानी में सीएसके 2 बार चैंपियंस लीग की भी विजेता रही। टीम 14 सीजन में कुल 9 सीजन में फाइनल में पहुंची।