logo

चिलखारी नरसंहार का आरोपी नक्सली कोल्हा यादव गिरफ्तार

7344news.jpg
द फॉलोअप टीम, गिरिडीह: 

नक्सलियों के खिलाफ गिरिडीह पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली का नाम कोल्हा यादव है। कोल्हा भेलवाघाटी थाना में चिलखारी नरसंहार मामले में आरोपी है। पुलिस बीते कई सालों से उसकी तलाश में लगी थी। 

कोल्हा यादव से पूछताछ जारी
जानकारी के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर भेलवाघाटी पुलिस ने थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में छापेमारी कर चरकापत्थर से नक्सली कोल्हा यादव को गिरफ्तार किया। कोल्हा यादव चरकापत्थर थाना इलाके का रहने वाला है। मामले के संबंध में भेलवाघाटी के थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि चिलखारी नरसंहार(Chilkhari massacre) की घटना में नामजद नक्सली कोल्हा यादव को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

काफी चर्चित रहा था चिलखारी कांड
बता दें कि 26 अक्टूबर 2007 को भाकपा माओवादियों ने झारखंड-बिहार की सीमा पर चिलखरियोडीह स्थित मैदान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान नरसंहार की घटना को अंजाम दिया गया था। इस घटना में झारखंड के तात्कालीन मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के बेटे अनूप मरांडी सहित कई ग्रामीणों की मौत हो गयी थी।