logo

झारखंड में आनेवाली है नई गाइडलाइन, सैलून, ब्यूटी पार्लर और बसों के परिचालन पर रोक संभव, शर्तों के साथ खुल सकते हैं मॉल, जानिए ! क्या है तैयारी ?

543news.jpg
द फॉलोअप टीम
झारखंड में जिस रफ्तार से संक्रमण बढ़ रहा है, उसे देखकर ये कहा जा सकता है कि आनेवाले दिनों में भी बहुत ज्यादा रियायत सरकार की ओर से नहीं मिलने जा रही है। खबर है कि राज्य सरकार प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर अगले 31 अगस्त तक लॉकडाउन बढ़ाने की तैयारी है। इस दौरान ज्यादातर उन्हीं चीजों पर छूट और बंदिशें रहेगी जिनपर अभी है। 

खाका तैयार, औपचारिक मुहर का इंतजार
खबरों की माने तो किन-किन चीजों में ढील देनी है और किन-किन चीजों पर और सख्ती लगानी है, इसका खाका करीब-करीब तैयार है। बस औपचारिक मुहर का इंतजार है। जानकारी के मुताबिक आज से लेकर कल तक इसपर कोई फैसला लिया जा सकता है। इस पर आखिरी दौर का गहन मंथन चल रहा है। माना जा रहा है कि फिलहाल कोरोना की बढ़ती रफ्तार के कारण सरकार जो पाबंदिया हैं उसे ही और सख्ती से अमल कराने की कोशिश कर रही है। 

जारी रहेगी आर्थिक गतिविधि !
अबतक जो जानकारी छनकर सामने आ रही है, उसके मुताबिक झारखंड सरकार संक्रमण में तेजी के बावजूद पूर्ण लॉकडाउन लगाने के पक्ष में है। ऐसा इसलिए भी है, क्योंकि राज्य पहले से ही वित्तीय मार झेल रहा है और लॉकडाउन लगाने के बाद स्थिति और खराब हो सकती है। यानी राज्य की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए चालू उद्योग धंधों और आर्थिक गतिविधि पर ब्रेक नहीं लगने जा रही है। 

ये खुल सकते हैं और ये बंद रहेंगे ?
झारखंड में अनलॉक-02 के बावजूद राज्य सरकार की ओर से बहुत सारी पाबंदिया हैं। यहां पहले से ही धार्मिक स्थल बंद हैं जो कि आगे बंद ही रह सकते हैं। बसों के परिचालन पर भी फिलहाल रोक लगने की ही खबर आ रही है। दूसरे राज्यों से आने वालों के लिए मूवमेंट पास लेना अभी भी जरुरी होगा। इसके अलावा बाहर से आनेवाले लोगों के लिए 14 दिनों का होम क्वारंटाइन भी पहले की तरह रहेगा। जानकारी के मुताबिक नाई की दुकान, ब्यूटी पार्लर अभी भी बंद रहेंगे। वैसे संभावना ये जतायी जा रही है कि शर्तों के साथ इस बार राज्य में मॉल खोलने की अनुमति सरकार दे सकती है। 

सभी जिलों से लिया जा रहा है फीडबैक
खबरों के मुताबिक तमाम चीजों में तालमेल बिठाने के लिए वरिष्ठ अधिकारी अभी भी अंतिम दौर का विचार-विमर्श कर रहे हैं। राज्य के सभी 24 जिलों से फीडबैक लिया जा रहा है। फीडबैक मिलने के बाद एक बार फिर से हालात की समीक्षा की जाएगी और फिर 31 अगस्त तक की नई गाइडलाइन जारी हो सकती है।