द फॉलोअप टीम, सिवान:
बिहार की शादियां इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। ताजा मामला सिवान जिले का है। दरअसल चाचोपाली गांव से गुरुवार को एक बारात सतवार गांव में गई थी। जब वर पक्ष की तरफ से दुल्हन को गहने चढ़ाने का वक़्त आया तो लड़के वालों ने असली गहने की जगह नकली गहने चढ़ा दिये। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। नाराज होकर लड़की पक्ष के लोगों ने शादी करने से इन्कार कर दिया और दूल्हा को बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही कर्णपुरा पंचायत के मुखिया दिलीप कुमार तिवारी और अन्य प्रमुख लोग पहुंचे और दूल्हा समेत आधा दर्जन लोगों को छुड़ाया।
एक लाख नगद और बाइक दी गयी थी दूल्हे को
वधू पक्ष के लोगों का कहना था कि दूल्हा अभिषेक कुमार की शादी हिंदू रीति रिवाज के अनुसार दान दहेज में एक लाख नकद, बाइक देकर तय की गई थी। दूल्हे के पिता ने 90 हजार रुपये के गहने चढ़ाने की बात की थी लेकिन दूल्हे के पिता ने साजिश के तहत नौ सौ रुपये के नकली गहने बर्नेत में चढ़ाए। असली गहने की जगह नकली गहने बर्नेत में चढ़ा दी। तभी वधू पक्ष ने बाइक रोक लिया। वहीं दूल्हे के पिता ने दहेज में दिए गए सामानों एवं नगदी लौटाने की बात स्वीकार की। दोनों में से किसी पक्ष ने थाने में लिखित आवेदन नही दिया है।