द फॉलोअप टीम, रांची
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मुख्य विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही झारखंड लैंड म्यूटेशन बिल को रद्द करने की मांग को लेकर सदन के बाहर धरना दिया।
सदन के बाहर भाजपा विधायकों का धरना
सोमवार को सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले सदन के बाहर बीजेपी विधायक अमर कुमार बाउरी, रणधीर सिंह, मनीष जायसवाल, नवीन जायसवाल, भानु प्रताप शाही समेत अन्य विधायकों ने हाथों में तख्ती लेकर विरोध दर्ज कराया। तख्ती पर झारखंड लैंड म्यूटेशन बिल रद्द करो, झारखंड में जमीन लूटनेवालों के लिए कानून बनाना बंद करो, चंदनकियारी में इंजीनियरिंग कॉलेज बनाने के लिए कुर्बानी देनी पड़ी, तो देंगे, आदि अंकित थे।
भूखल के परिजनों को 25 लाख देने की मांग
बीजेपी विधायकों ने बोकारो के कसमार के मृतक भूखल घासी और उसके परिजनों की मौत के दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। भूखल घासी के परिजनों को 25 लाख रुपए की राहत राशि, एक बेटे को सरकारी नौकरी और परिजनों को सुरक्षा देने की मांग की गयी। मधुपुर के पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार करनेवाले पुलिस इंस्पेक्टर के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गयी।