द फॉलोअप टीम, रांची
झारखंड के 6 निजी अस्पतालों में ही रैपिड एंटीजन टेस्ट हो सकता है। इन 6 अस्पतालों के अलावा कहीं और रैपिट एंटीजन टेस्ट होता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राज्य के इन 6 अस्पतालों को सरकार ने रैपिड एंटीजन टेस्ट की इजाजत दी है। इससे पहले आईसीएमआर की अनुमति के बिना ही कई निजी अस्पताल रैपिड एंटीजन किट से कोरोना की जांच कर रहे थे। और मरीजों से मनमाना चार्ज वसूल रहे थे।
लगातार मिल रही थी शिकायत
दरअसल स्वास्थ्य विभाग को लगातार शिकायत मिल रही थी कि अवैध रूप से राज्य के कई अस्पताल और निजी लैब रैपिड एंटूजन किट से कोरोना की जांच कर रहे हैं और इसके एवज में मरीजों से मनमाना चार्ज वसूल रहे हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से इसकी पड़ताल करायी गई और जब ये शिकायत सही पायी गई तो फिर विभाग की ओर से 6 निजी अस्पतालों को चिन्हित कर ये तय किया गया कि सिर्फ इन्हीं अस्पतालों में रैपिड एंटीजन किट से कोरोना की जांच की जाएगी। इन अस्पतालों के लिए विभाग ने रेट भी फिक्स किया है। उससे ज्यादा चार्ज वो मरीजों से नहीं वसूल सकते हैं। ऐसे करते पाए जाने पर उन अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
RT-PCR से जांच के लिए वसूले जा रहे 2400 रूपए
RT-PCR जांच में उपयोग होने वाले किट की कीमत आधी होने के बावजूद राज्य में अभी भी जांच के लिए 2400 रूपये लिए जा रहे हैं। जबकि जांच किट के दाम कम हुए हैं। विभाग को इसकी भी शिकायत लगातार मिल रही है। माना जा रहा है कि इसके लिए विभाग की ओर से जल्द ही कोई दिशा निर्देश जारी किया जाएगा।
शनिवार को सामने आए 1299 नए केस
इन सबके बीच झारखंड में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। शनिवार को राज्य में 1299 नए मामले सामने आए हैं। इनमें खूंटी के विधायक और उनके 4 बॉडीगार्ड भी हैं, जो संक्रमित हुए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 37 हजार 112 हो गयी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना से राज्य में 8 लोगों की मौत भी हुई है। इसके साथ ही राज्य में मृतकों का आकंड़ा बढ़कर 398 हो गया है। इसके अलावा अब तक 25 हजार 212 लोग इस बीमारी को मात देकर ठीक हो चुके हैं. फिलहाल राज्य में एक्टिव केस की संख्या 11 हजार 498 है।
यहां-यहां से मिले नए संक्रमित
पिछले 24 घंटे में एक बार फिर राजधानी रांची से सबसे ज्यादा 257 नए केस मिले हैं। इसके अलावा बोकारो से 66, चतरा से 41, देवघर से 28, धनबाद से 60, दुमका से 65, पूर्वी सिंहभूम से 233, गढ़वा से 19, गिरिडीह से 78, गोड्डा से 42, गुमला से 11, हजारीबाग से 41, जामताड़ा से 24, खूंटी से 42, कोडरमा से 35, लातेहार से 25, लोहरदगा से 1, पाकुड़ से 8, पलामू से 46, रामगढ़ से 55, सहिबगंज से 26, सराईकेला से 53, सिमडेगा से 15, पश्चिमी सिंहभूम से 28 संक्रमण के नये मामले सामने आये हैं।