logo

जामताड़ा: सड़क पर जमा पानी में लोगों ने की फिशिंग! आई कहां से इतनी मछलियां

10206news.jpg
द फॉलोअप टीम, जामताड़ा: 

जामताड़ा व्यवहार न्यायालय पुराना कोर्ट के पास कौतूहल दिखा। वहां भारी भीड़ जमा थी। पता चला कि लोग वहां मछलियां पकड़ रहे हैं। दरअसल लोग जब सुबह कोर्ट परिसर पहुंचे तो सड़क में जमा पानी में मछलियां नजर आईं। लोगों ने वहीं रूककर मछलियां पकड़ना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में वहां और लोग भी जुट गये। थोड़ी ही देर में वहां आपा-धापी का माहौल बन गया। 


लोगों ने जमकर पकड़ी मछलियां
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि यहां बारिश के मौसम में अक्सर ऐसा होता है। खुशी हो रही है कि आज हम लोग भी मछलियां पकड़ पाए। जल्दीबाजी में रूमाल, थैला, पॉलिथीन और गमछा, जिसे जो मिला उसी में मछलियां पकड़ता दिखा। हालांकि, कोई ये नहीं बता पाया कि मछलियां सड़क पर आई कहां से। कोर्ट परिसर के सामने मुख्य सड़क में काफी गड्ढा बना है। बारिश की वजह से वहां जलजमाव हो गया था। इसी जमे हुए पानी में मछलियां तैरती दिखी थी। काफी देर तक ये वाकया वहां चर्चा का विषय बना रहा। जो भी लोगों के लिए तो फ्री में फीश करी का इंतजाम हो गया। 

शहर की सबसे व्यस्त सड़क पर मछली
स्थानीय लोगों ने बताया कि ये शहर का सबसे व्यस्तम मार्ग है। रास्ता चितरंजन से नारायणपुर की तरफ जाता है। कुछ लोग इस मार्ग का इस्तेमाल करमाटांड़ की तरफ जाने में भी करते हैं। यहां न्यायालय है इसलिए लोगों की भीड़ भी लगी रहती है। सड़क पर काफी बड़े-बड़े गड्ढे हैं। दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। पहले भी यहां जानलेवा हादसे हो चुके हैं। कई जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का यहां आना-जाना लगा रहता है लेकिन कोई ध्यान नहीं देता। 

हादसों को न्योता देती है ये सड़क
वैसे आप लोगों ने कई बार देखा और सुना होगा कि बारिश के दिनों में सड़क पर होने वाले जलजमाव का विरोध करने के लिए लोग पानी भरे गड्ढों में धान की रोपाई करते हैं तो कभी सांकेतिक मछली पालन करके विरोध जताते हैं। ये पहली बार हुआ है जब लोगों को सड़क पर जमा पानी से खाने भर की मछली मिल गयी। जामताड़ा में हुई इस घटना की तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल है।