logo

उन्नाव कांड: प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर लड़कियों को पिलाया था जहरीला पानी, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

5394news.jpg
द फॉलोअप टीम, लखनऊ: 
एक लड़का एक लड़की से एकतरफा प्यार करता था। वो चाहता था कि लड़की उसे अपना फोन नंबर दे और उससे बातें करे। लड़की इसके लिए तैयार नहीं थी। लड़के ने बदले की भावना से ना केवल लड़की बल्कि उसकी 2 बहनों को भी कीटनाशक मिला हुआ पानी पिला दिया। इनमें से 2 की मौत हो गई। एक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। मामला यूपी के उन्नाव का है और ये खुलासा किया है यूपी के पुलिस ने। 

मामले में पुलिस ने विनय कुमार और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है। वारदात का मास्टरमाइंड विनय कुमार है। ये दोनों उन्नाव जिले के असोहा इलाके में पाठकपुर गांव के रहने वाले हैं। घटना में पीड़ित लड़कियां पास के ही बबुरहा गांव की रहने वाली है। 

17 फरवरी को खेत में बेसुध मिली थीं लड़कियां
गौरतलब है कि उन्नाव जिले के असोहा स्थित एक गांव बबुरहा में विगत 17 फरवरी को खेत में तीन लड़कियां पेड़ से बंधी मिली थी। तीनों के मुंह से झाग निकल रहा था। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में तीन में से 2 लड़कियों को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी एक अब भी जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। पूछताछ में पता चला कि तीन लड़कियों में से 2 चचेरी बहनें थीं जबकि एक रिश्ते में इनकी बुआ लगती थी। मामला सामने आने के बाद से ही यूपी में इसे लेकर काफी आक्रोश का माहौल था। 

नमकीन खिलाकर जहरीला पानी पिला दिया
पुलिस महानिरीक्षक के मुताबिक इस पूरी घटना का पर्दाफाश कर लिया गया है। मुख्य आरोपी विनय कुमार ने बताया कि वो इनमें से एक लड़की से प्यार करता था। उसने लड़की के सामने प्रेम का प्रस्ताव रखा। लड़की से मोबाइल नंबर भी मांगा जिसे लड़की ने ठुकरा दिया। इसे लेकर आरोपी के मन में लड़की के प्रति गुस्सा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कई दिन पहले ही लड़की को मार डालने का प्लान बना लिया था। 

मुख्य आरोपी विनय पाठकपुर से गिरफ्तार
घटना वाले दिन जब लड़कियां घास काटने के लिए खेत में गई तो आरोपी को मौका मिल गया। उसने इन तीनों लड़कियों को पहले नमकीन खिलाया। पानी मांगने पर कीटनाशक मिला हुआ पानी पिला दिया और उन्हें पेड़ से बांधकर फरार हो गया। स्थानीय पुलिस, स्वात टीम और लखनऊ जोन की सर्विलांस टीम ने मुख्य आरोपी विनय और उसका साथ देने वाले एक नाबालिग लड़के को गिरफ्तार कर लिया है। मुखबिर की सूचना पर पाठकपुर से इन्हें गिरफ्तार किया गया।