logo

गढ़वा: ई-पास चेक कर रहे पुलिसकर्मी को बाइक सवार ने मारा धक्का, मौके पर ही मौत

8743news.jpg
द फॉलोअप टीम, गढ़वा: 
गढ़वा जिला के गढ़वा मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर भीखी मोड़ के पास भीषण सड़क दुर्घटना हुई। इस दुर्घटना में एक पुलिसकर्मी सहित 2 लोगों की मौत हो गई। गौरतलब है कि यहां दोपहिया वाहन में ट्रिपल लोडिंग की जांच की जा रही थी। मृत पुलिसकर्मी की पहचान 40 वर्षीय प्रमोद राय के रूप में की गई। दिवंगत पुलिसकर्मी प्रमोय राय पलामू जिला के छतरपुर गांव के रहने वाले थे। 

भीखी मोड़ के पास हुआ ये भीषण हादसा
जानकारी के मुताबिक डंडा पुलिस द्वारा भीखी मोड़ के पास ई पास और ट्रिपल लोडिंग को लेकर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस बीच पथरा की तरफ से एक तेज रफ्तार बाई आई। बाइक में तीन लोग सवार थे। पुलिसकर्मी प्रमोद राय ने उनको रोकने का प्रयार किया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर की वजह से पुलिस कांस्टेबल प्रमोद राय की वहीं मौत हो गई। 

बाइक सवार तीन लोगों में से 1 की मौत
बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान 1 की मौत हो गई। घटना में जान गंवाने वाले बाइक सवार की पहचान 26 वर्षीय सुभाष कुमार की मौत हो गई। उसके दो साथी 22 वर्षीय क्रांति कुमार और 20 वर्षीय छोटू कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों पथरा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। 

पुलिस अधीक्षक ने घटना पर जताया दुख
घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस राव खोत्रे सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कांस्टेबल प्रमोद राय की मौत पर दुख जताया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भिखी मोड़ के पास ई-पास और ट्रिपल लोडिंग वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी बीच एक बाइक सवार ने जवान को धक्का मार दिया। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से कहा कि ये सारी व्यवस्था उनकी सुरक्षा के लिए है। लोगों को पुलिस और प्रशासन के साथ सहयोग करना चाहिए। 

पुलिस एसोसिएशन ने की कार्रवाई की मांग
इधर पुलिसमैन एसोसिएशन में घटना को लेकर दुख और आक्रोश का माहौल है। एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि कुमार कुशवाहा ने कहा कि यदि घटनास्थल पर पहले ही बैरिकेटिंग की जाती। बेहतर तैयारी की जाती। अधिक संख्या में पुलिस के जवानों को तैनात किया जाता तो ये दुर्घटना नहीं होती।