द फॉलोअप टीम, गिरिडीह
झारखंड में इन दिनों अपराधियों के निशाने पर राजनेता हैं। आए दिन किसी न किसी शहर या ग्रामीण इलाके में अपराधी नेता को अपनी गोलियों को निशाना बना डालते हैं और आसानी से फरार भी हो जा रहे हैं। ताजा मामला गिरिडीह का है। यहां आरजेडी नेता कैलाश यादव की पीट पीटकर हत्या कर दी गई है। अपराधियों ने कैलाश यादव के अलावा बीजेपी नेता इंद्रलाल वर्मा की भी बुरी तरह पिटाई की है, जिसमें वो गंभीर रूप से जख्मी हैं। उन्हें इलाज के लिए धनबाद के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। यह घटना मंगलवार रात 11 बजे के आसपास की है।
बुलेट से घर लौट रहे थे दोनों नेता
बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे के आसपास आरजेडी नेता कैलाश यादव और भाजपा नेता इंद्रलाल वर्मा बुलेट पर सवार होकर बेंगाबाद से मोतीलेदा स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान मोतीलेदा के दलित टोला के पास पहले से घात लगाए बैठे लाठी डंडे से लैस 25 से ज्यादा अपराधियों ने अचानक दोनों नेताओं पर हमला कर दिया। इलाका सुनसान था, लिहाजा आसपास के लोग शोर सुनकर जबतक मौके पर पहुंचते तबतक अपराधी कैलाश यादव और इंद्रलाल वर्मा को मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर चुके थे। बाद में ग्रामीणों ने दोनों को रात में ही गिरिडीह सदर अस्पताल लाया लेकिन गंभीर हालत देखकर डॉक्टर ने दोनों को पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया। लेकिन धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही कैलाश यादव की मौत हो गई।
घटना की वजह का खुलासा नहीं
पुलिस ने कैलाश यादव को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने भरोसा दिया है कि बहुत जल्द अपराधी कानून की गिरफ्त में होंगे। अबतक ये साफ नहीं हो सका है कि किस वजह ये खूनी खेल खेला गया है। लेकिन स्थानीय लोगों की माने तो आपसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है।