द फॉलोअप टीम, रांची
झारखंड में अपराधियों के निशाने पर राजनेता हैं। पिछले कुछ दिनों की घटनाओं पर गौर करें तो ऐसा ही लगता है। ताजा मामला राजधानी रांची के मैकलुस्कीगंज का है। यहां के हेसालौंग निवासी झामुमो नेता मदन साहू और उनके भतीजे को अपराधियों ने उनके घर के बाहर गोली मार दी है। गंभीर हालत में मदन साहू और उनके भतीजे को रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया है। मदन साहू के बारे में बताया जा रहा है कि वो झारखंड कोलियरी मजदूर संघ से भी जुड़े हैं।
शाम 6 बजे की है वारदात
चश्मदीदों के मुताबिक शाम के 6 बजे के आसपास की ये घटना है। उस वक्त मदन साहू और उनका भतीजा अपने घर के बाहर ही गपशप कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बाइक पर सवार होकर 2 अपराधी आए और इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, दोनों को गोली मारकर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आस पास के लोगों ने अपराधियों को पकड़ने की भी कोशिश की लेकिन अपराधी भागने में सफल रहे। अभी ये साफ नहीं हो सका है कि अपराधी कौन थे और किस मकसद से उन्होंने झामुमो नेता और उनके भतीजे को निशाना बनाया है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपक़ड़ में जुट गई है।
धनबाद में बीजेपी नेता का मर्डर
इधर बुधवार को दोपहर धनबाद में भी एक बीजेपी नेता सतीश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सतीश सिंह विधायक राज सिन्हा के बेहद करीबी थे। वो जमीन के कारोबार से भी जुड़े थे। बैंक मोड़ के मटकुरिया इलाके में इस वारदात को तब अंजाम दिया गया जब बीजेपी नेता सतीश सिंह अपनी बोलेरो गाड़ी से उतरकर पैदल विकासनगर जा रहे थे। बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने काफी नजदीक से उन्हें गोली मारी और मौके से फरार हो गए। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से अपराधियों की पहचान कर उनतक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
बीजेपी ने सरकार को घेरा
बीजेपी नेता की हत्या पर प्रदेश बीजेपी ने हेमंत सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सरोज सिंह ने कहा कि राज्य में बिधि ब्यवस्था चौपट हो गयी है और जंगलराज कायम हो चुका है। सरोज सिंह ने कहा कि अपराधी तांडव कर रहे है और सरकार और पुलिश तमाशा देख रही है। सरोज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री तक अपराधी नहीं थोड़ रहे हैं और उन्हें भी धमकी दे रहे हैं लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। सरोज सिंह ने धनबाद भाजपा नेता सतीश सिंह के हत्यारे को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और राज्य में बिधि ब्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। सरोज सिंह ने कहा कि सरकार अगर इसमें नाकाम रही तो बीजेपी आंदोलन पर उतरने को मजबूर होगी।