logo

सिद्धो-कान्हू के 6ठे वंशज की मौत पर सियासत नॉनस्टॉप, जांच को लेकर सोमवार को राज्यपाल से मिलेगा बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल

152news.jpg
द फॉलोअप टीम-रांची-सिद्धो-कान्हू के 6ठे वंशज रामेश्वर मुर्मू की मौत मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। जांच की मांग को लेकर सोमवार 29 जून को बीजेपी का 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मिलेगा। मिलने का समय शाम 4 बजे का निर्धारित है। 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद समीर उराँव, सांसद सुनील सोरेन, प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू, एसटी मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ अरुण उराँव, एसटी मोर्चा अध्यक्ष रामकुमार पाहन, पूर्व मंत्री लुइस मरांडी,एसटी मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, एसटी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक बड़ाईक, एसटी मोर्चा महामंत्री बिंदेश्वर उराँव, पूर्व विधायक शिवशंकर उराँव और पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर शामिल हैं।
परिजनों से भी मिला था प्रतिनिधिमंडल
इससे पहले बीजेपी का यही प्रतिनिधिमंडल साहिबगंज के भोगनाडीह जाकर हूल क्रांति के महानायक सिद्धो-कान्हू के परिवारवालों से मुलाकात की थी। मुलाकात के दौरान परिजनों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया था कि किस तरह से साजिशन रामेश्वर मुर्मू की हत्या की गई है और सरकार और प्रशासन इस मामले में ढुलमुल रवैया अपना रहा है। 
CBI जांच तक आंदोलन की धमकी
सिदो कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू के मुताबिक उनके पूर्वजों के नाम पर झारखंड में सिर्फ राजनीति होती रही है। जब कभी भी इस परिवार पर संकट आता है तो कोई देखने तक नहीं आता है। उन्होंने कहा कि जब तक इस हत्याकांड का सच जमाने के सामने नहीं आ जाता है तब तक 30 जून को होनेवाले हूल दिवस या फिर कोई और मौके पर सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं करने दिया जाएगा। परिजनों ने सरकार से जल्द से जल्द इस मामले की CBI से जांच कराने की मांग की है। हालांकि सीएम हेमंत सोरेन ने साफ कर दिया है कि वो इस मामले की CBI से जांच कराने को तैयार हैं। 
13 जून को मिली थी रामेश्वर मुर्मू की लाश
13 जून को भोगनाडीह के मांझी टोला के एक खेत में रामेश्वर मुर्मू का शव मिला था। 12 जून को वे घर से गए थे। शव मिलने के बाद परिजनों ने मोमिन टोला निवासी सद्दाम अंसारी पर हत्या करने का आरोप लगाया था। FIR दर्ज होने के बाद सद्दाम अंसारी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।