logo

रूपा तिर्की केस: बीजेपी महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन, राज्यपाल से की CBI जांच की मांग

8234news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की तरफ से साहिबगंज महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की संदिग्ध मौत की सीबीआई जांच की मांग की गयी। रांची के खिजरी में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर के नेतृत्व में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। 

आत्महत्या का रूप देने की कोशिश! 
इनका कहना था कि पुलिस प्रशासन द्वारा इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है जबकि परिजनों ने रूपा तिर्की की सहयोगियों औऱ विधायक प्रतिनिधि के खिलाफ प्रताड़ना और हत्या का केस दर्ज करवाया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष आरती कुजूर ने कहा कि परिस्थितजन्य साक्षों से ऐसा लगता है कि ये आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। 

राज्यपाल से की सीबीआई जांच की मांग
महिला मोर्चा ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को चिट्ठी लिखकर घटना की सीबीआई जांच की मांग की। मुख्यमंत्री से भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। बीजेपी महिला मोर्चा का कहना है कि रूपा तिर्की मामले में सीएम हेमंत सोरेन को गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए। मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की अनुशंसा करनी चाहिए ताकि एक आदिवासी बेटी को न्याय मिल सके। 

अपने फ्लैट में मृत पाई गयी थीं रूपा तिर्की
गौरतलब है कि बीते सोमवार को साहिबगंज महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी। रूपा तिर्की का शव उनके फ्लैट में फंदे से लटका मिला था। पुलिस आरंभिक जांच में इसे सुसाइड मान रही है। कई अन्य बिंदुओं से भी छानबीन जारी है। वहीं मृतका दरोगा के परिजनों ने ज्योत्सना और मनीषा नाम की दो महिला पुलिस कर्मियों सहित विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा के खिलाफ साहिबगंज के जिरुवाबाड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।