logo

डेढ़ साल के दौरान सरना धर्म कोड समेत 21 विधेयक पारित, लोस स्‍पीकर से बोले झारखंड विस अध्‍यक्ष

10070news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड विधान सभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने कहा है कि उनके डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में झारखंड विधानसभा के 4 सत्रों में कुल 37 कार्य दिवस संचालित किए गए। जिसमें एक विशेष सत्र भी था, जो सरना धर्म कोड को पारित करने से संबंधित थी। इन सत्रों में 21 विधेयक पारित किए गए। विधान सभा के स्थायी समितियों में  एक नई समिति अनागत प्रश्न समिति जोड़ा है। जो अनागत प्रश्नों के संबंध में अपनी प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी। महतो लोकसभा के आयोजित अखिल भारतीय पीठासीन पदाधिकारियों के वेबीनार में 
लोस स्‍पीकर ओम बिरला से रुबरू थे। आयोजन ओम बिड़ला के कार्यकाल के दो साल पूरा होने पर हुआ था। रबिन्द्र नाथ महतो ने ओम बिड़ला को अपने कार्यकाल में की गई गतिविधियों के संबंध में जानकारी उपलब्ध करायी। 

ओम बिड़ला से ऑनलाइन रुबरू हुए रबीन्द्र नाथ महतो
महतो ने बताया कि कोरोना महामारी के इस दौर में झारखंड विधान सभा की ओर से कोरना डेस्क काफी लोगों को सहयोग पहुंचाने में सक्षम हुआ। वैक्सीनेशन के कार्यक्रम में तथा जागरूकता अभियान में भी झारखंड विधानसभा काफी बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहा है। महामारी के दूसरे दौर में झारखंड विधानसभा के आधा दर्जन कर्मियों की अकाल मृत्यु हो गई। इस दुख से उबर पाना कठिन हो रहा है। डिजिटलाइजेशन के इस दौर में झारखंड विधानसभा भी कदम ताल मिला कर चले इसलिए मैंने झारखंड विधानसभा में स्टूडियो से सुसज्जित झारखंड विधान सभा टीवी (JVStV) एक यूट्यूब चैनल स्थापित करवाया है ताकि झारखंड विधानसभा का एक अपना आर्काइव तैयार किया जा सके। इस निमित्त मुझे लोकसभा एवं राज्यसभा टीवी से भी सहयोग की भी अपेक्षा है।



वर्चुअल बैठक काफी सराहनीय 
विधानसभा अध्य्क्ष ने ओम बिड़ला से कहा कि आपके जो समय-समय पर अखिल भारतीय पीठासीन पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक करा रहे हैं। वह भारतीय विधायी परंपरा में एक नूतन अध्याय है।  आशा है कि यह नूतन अभिनव प्रयास विधायिका के क्षेत्र में एक श्रेष्ठ नवाचार को स्थापित करने में सक्षम होगा। अंत में रबीन्द्र नाथ महतो ने ओम बिड़ला का धन्यवाद किया।