logo

महात्मा गांधी 'हिंदू' और गोडसे 'हिंदुत्ववादी' थे, जयपुर में आयोजित रैली में बोले राहुल गांधी

15992news.jpg

द फॉलोअप टीम, जयपुर: 

कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान के जयपुर में मंहगाई हटाओ रैली का आयोजन किया। रैली में शामिल होने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनका स्वागत किया। यहां राहुल गांधी ने केंद्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और उनके हिंदुत्व पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने हिंदु और हिंदुत्ववादी शब्द के बीच फर्क समझाने की भी कोशिश की। 

हिंदू और हिंदुत्ववादी के बीच प्रतिस्पर्धा
जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज भारतीय राजनीति में 2 लोगों हिंदु और हिंदुत्ववादी की बीच प्रतिस्पर्धा है। इन दोनों शब्दों के अलग-अलग मतलब हैं। राहुल गांधी ने कहा कि मैं हिंदू हूं लेकिन हिंदुत्ववादी नहीं हूं। महात्मा गांधी हिंदू थे लेकिन गोडसे हिंदुत्ववादी थे। राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुत्ववादी केवल सत्ता चाहते हैं। वे 2014 से ही सत्ता में हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि हमें इन हिंदुत्व वादियों को सत्ता से बाहर करने और हिंदुओं को वापस लाने की जरूरत है। 

सत्ता की तलाश में रहते हैं हिंदुत्ववादी!
राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुत्ववादी अपना पूरा जीवन सत्ता की तलाश में लगा देते हैं। उन्हें सत्ता के अलावा और कुछ नहीं चाहिये। इसके लिए वे कुछ भी कर सकते हैं। वे सत्याग्रह नहीं बल्कि सत्ताग्रह के मार्ग पर चलते हैं। राहुल ने कहा कि ये देश हिंदुओं का है हिंदुत्ववादियों का नहीं। राहुल गांधी ने कहा कि हिंदू कौन है। जो सबको गले लगाता है। किसी से नहीं डरता और हर धर्म का सम्मान करता है। 

जयपुर में महंगाई हटाओ रैली में बोले राहुल
गौरतलब है कि राजस्थान के जयपुर में कांग्रेस पार्टी ने महंगाई हटाओ रैली का आयोजन किया है। इसमें सभी राज्यों से बड़े कांग्रेस नेता भाग लेने पहुंचे हैं। झारखंड से भी कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और कृषि मंत्री बादल पत्रलेख भी पहुंचे हैं। आगामी कुछ महीने में पांच राज्यों में चुनाव होना है। इस बीच हिंदु बनाम हिंदुत्व की लड़ाई तेज हो गयी है।