logo

Bengal Election 2021: टीएमसी सांसद दिनेश त्रिवेदी भाजपा में हुए शामिल, जेपी नड्डा ने दिलाई पार्टी सदस्यता

Bengal Election 2021: टीएमसी सांसद दिनेश त्रिवेदी भाजपा में हुए शामिल, जेपी नड्डा ने दिलाई पार्टी सदस्यता
द फॉलोअप टीम, कोलकाता: 
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहले चरण की वोटिंग से पहले तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और सीएम ममता बनर्जी को तगड़ा झटका लगा है। पश्चिम बंगाल की एक बड़ी राजनीतिक हस्ती ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। तृणमूल कांग्रेस की तरफ से राज्यसभा सांसद रहे दिनेश त्रिवेदी ने कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति में बीजेपी का दामन थाम लिया। दिनेश त्रिवेदी जब पार्टी में शामिल हुए उस वक्त रेल मंत्री पीयूष गोयल भी वहां मौजूद थे। 

दिनेश त्रिवेदी ने 12 फरवरी को दिया था इस्तीफा
जानकारी के मुताबिक तृणमूल पार्टी की तरफ से राज्यसभा सांसद रहे दिनेश त्रिवेदी ने बीती 12 फरवरी को इस्तीफा दे दिया था। वे तृणमूल कांग्रेस पार्टी आलाकमान से नाराज बताये जा रहे थे। बीजेपी में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि मैं चुनाव लड़ू या ना लड़ू लेकिन चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय रहूंगा। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने टीएमसी को खारिज कर दिया है। वे राज्य में प्रगति चाहते हैं ना कि भ्रष्टाचार या हिंसा। 
दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि बंगाल की जनता वास्तविक परिवर्तन के लिये पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि राजनीति खेला नहीं है। राजनीति गंभीर है और प्रदेश के विकास के लिए हैं। ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि खेला करते समय सीएम अपना आदर्श भूल गयी हैं। 

चुनाव से पहले कमजोर पड़ जायेंगी ममता बनर्जी
बता दें कि चुनाव की तारीखों के एलान से पहले भी तृणमूल कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने ममता बनर्जी का साथ छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया। इनमें सबसे बड़ा ममता सरकार में पर्यटन मंत्री रहे शुभेंदू अधिकारी का नाम शामिल है। शुभेंदू अधिकारी ने कहा कि नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराना उनका लक्ष्य बन गया है। इनके अलावा और भी कई विधायकों और पार्षदों ने बीजेपी का दामन थाम लिया। बंगाल में विधानसभा की 294 सीटें हैं जिसके लिए 8 चरणों में मतदान होगा।