logo

झारखंड से राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश और बिहार से विवेक, प्रेमचंद, हरिवंश और अमरेन्द्रधारी ने ली शपथ, शिबू सोरेन बाद में करेंगे शपथ ग्रहण

400news.jpg
द फॉलोअप टीम
राज्यसभा के नए चुने गए 44 सदस्यों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली है। इनमें झारखंड से बतौर बीजेपी उम्मीदवार जीते दीपक प्रकाश और बिहार से बीजेपी के विवेक ठाकुर, राजद के प्रेम चंद गुप्ता और अमरेन्द्रधारी सिंह जबकि जेडीयू से हरिवंश और रामनाथ ठाकुर भी हैं। जेएमएम से राज्यसभा के लिए भेजे गए शिबू सोरेन के बारे में खबर है कि वो सत्र के दौरान कभी भी शपथ ले सकते हैं। इन्हें राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने अपने चेंबर में शपथ दिलायी। 
सिंधिया, दिग्विजय और खड़गे का भी शपथग्रहण
इनके अलावा आज जिन सदस्यों ने शपथ ग्रहण किया उनमें बीजेपी के ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस के दिग्विजय सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे और शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी भी शामिल हैं। राज्यसभा के चुने सदस्यों में बीजेपी के 17, कांग्रेस के 9, जेडीयू के 3, बीजद और वाईएसआर कांग्रेस के चार-चार, अन्नाद्रमुक और द्रमुक ने तीन-तीन, एनसीपी, आरजेडी और टीआरएस ने दो-दो और शेष सीटें अन्य ने जीतीं। इन नए सदस्यों में से 43 पहली बार चुने गए हैं। बाकी सदस्यों ने दोबारा राज्यसभा में वापसी की है।
झारखंड में 2 सीटों के लिए हुआ था चुनाव
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटे निर्दलीय परिमल नाथवानी और राष्ट्रीय जनता दल के प्रेमंचद्र गुप्ता का कार्यकाल पूरा होने के बाद राज्यसभा सीटें खाली हुई थीं। इन दोनों सीट के लिए सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शिबू सोरेन को अपना उम्मीदवार बनाया था जबकि बीजेपी से झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश प्रत्याशी थे। वहीं कांग्रेस ने शहजादा अनवर पर दांव लगाया था। झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए मतदान में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दीपक प्रकाश और झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी शिबू सोरेन चुनाव जीत गए हैं। भाजपा प्रत्याशी को 31 और झामुमो प्रत्याशी को 30 मत प्राप्त हुए थे। तीसरे उम्मीदवार कांग्रेस के शहजादा अनवर को मात्र 18 वोटों से संतोष करना पड़ा था। भाजपा से राज्यसभा पहुंचने वाले दीपक प्रकाश पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
दीपक प्रकाश हैं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष
दीपक प्रकाश अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से बीजेपी में आए। वे फिलहाल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। झारखंड बनने के बाद राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने बाबूलाल मरांडी की सरकार में दीपक प्रकाश को झारखंड खनिज विकास निगम के चेयरमैन पद पर नियुक्त किया गया था। बाद में जब बाबूलाल मरांडी ने बीजेपी छोड़ी तब दीपक प्रकाश भी उनके साथ हो लिए। हालांकि जल्द ही उन्होंने पार्टी में वापसी भी कर ली थी। अब बाबूलाल मरांडी भी बीजेपी में शामिल हो चुके हैं और दीपक प्रकाश राज्यसभा पहुंचने में कामयाब हो गए हैं।