logo

नए राज्यपाल रमेश बैस को पेंटिंग का है शौक, परिवार ने उनके बारे में बताई ये खास बातें

10813news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची

झारखंड के 10वें राज्यपाल के रूप में नियुक्त रमेश बैस कलाप्रेमी हैं। वे पेंटिंग करते हैं, उन्हें लकड़ी की चीजें बनाने का शौक है। यह बात रमेश बैस के भतीजे रघुनंदन सिंह बैस ने द फॉलोअप को बताई। वे राज्यपाल के शपथ ग्रहण के बाद द फॉलोअप से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि रमेश बैस का लंबा और बेदाग पॉलिटिकल करियर रहा है, लेकिन इन सबके अलावा वे एक कलाकार भी हैं। उन्हें पेंटिंग का शौक है और वे लकड़ी से कई चीजें बना सकते हैं। 



लोगों से मिलना पसंद है नए राज्यपाल को 
नए राज्यपाल को लोगों से मिलना बेहद पसंद है। आम लोगों से मिलते हैं। वे त्रिपुरा में भी आम लोगों से मिलते रहे हैं। ये बात परिवार से सदस्यों और खुद राज्यपाल रमेश बैस ने भी कही। उन्होंने कहा कि राजभवन आम लोगों से दूर नहीं रहेगा। राज्यपाल ने शपथ ग्रहण से एक घंटे बाद ही मीडिया से बातचीत की। उनके साथ उनकी पत्नी और परिवार के कई सदस्य भी मौके पर मौजूद थे। 



मुख्यमंत्री के साथ मिलकर तय करेंगे राज्य का दिशा 
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड राज्य के विकास के लिए सार्थक प्रयास किये जाएंगे। वे जल्द ही मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर राज्य के विकास को लेकर दिशा तय करेंगे। शपथ ग्रहण के बाद रमेश बैस के परिवार और तमाम नेताओं ने साथ बैठकर लंच किया। इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ लगभग सभी मंत्री, झारखंड भाजपा के अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रांची के सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह और मेयर आशा लकड़ा उपस्थित थीं।