logo

रामेश्वर उराॅंव बोले, देश में विभाजनकारी शक्तियों से संघर्ष का दौर

3594news.jpg
द फॉलोअप टीम  
झारखण्ड कांग्रेस 28 दिसम्बर को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाएगी। इसके लेकर कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष सह झारखण्ड सरकार में मंत्री डाॅ रामेश्वर उराॅंव की अध्यक्षता में बैठक हुई। डाॅ उराॅंव ने कहा कि 135 वर्ष पुरानी पार्टी का इतिहास रहा है। पार्टी के संघर्ष एवं इतिहास से नई पीढ़ी को अवगत कराने के दृष्टिकोण से अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर सभी कांग्रेसजनों को अपनी अहम भूमिका अदा करनी है। उन्होंने कहा कि आज देश में विभाजनकारी शक्तियों से संघर्ष का दौर है। इस दौर में जिस प्रकार से आजादी के पूर्व कांग्रेसजनों ने देश को आजाद कराने के लिए महत्ती भूमिका अदा की थी, ठीक उसी प्रकार से आज भी कांग्रेसजनों को बढ़चढ़ कर कार्यक्रम को सफल बनाना होगा। 

तिरंगा यात्रा निकाला जायेगा  
कांग्रेस के 135वें स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में झण्डोतोलन कर तिरंगा यात्रा निकाला जायेगा। जो कांग्रेस भवन से प्रारम्भ होकर कचहरी चैक होते हुए मोरहाबादी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा के प्रतिमा स्थल बापू वाटिका के समक्ष समाप्त होगा। समापन स्थल पर वरिष्ठ कांग्रेसजनों को शाॅल ओढ़ाकर सम्मानित किया जायेगा।

सेल्फी विद तिरंगा कैम्पेन  
स्टेट कोआर्डिनेटर गजेन्द्र सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार 28 दिसम्बर को पूरे प्रदेश में सोशल मीडिया द्वारा सेल्फी विथ तिरंगा कैम्पेन चलाया जायेगा। विभाजनकारी शक्तियों द्वारा देश के युवाओं को फर्जी राष्ट्रवाद का सहारा लेकर जिस प्रकार से गुमराह किया जा रहा है उसके विरोध में उक्त कार्यक्रम को झारखण्ड के सभी जिला एवं प्रखण्डों तक चलाया जायेगा।