logo

शिंकजे में अमन साहू गिरोह! पुलिस ने कुख्यात शाहरूख अंसारी और कुंदन गिरी को धर दबोचा

10994news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

कुख्यात अमन साहू गिरोह के बुरे दिन शुरू हो गए हैं। कुछ दिन पहले चतरा पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को उस वक्त गिरफ्तार किया था जब वे किसी फायरिंग की घटना को अंजाम देने जा रहे थे। सोमवार देर रात से लेकर मंगलवार सुबह तक पुलिस ने गिरोह के दो और कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। रांची, चतरा और लातेहार पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरोह के कुंदन कुमार गिरी और शूटर शाहरूख अंसारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रांची के नामकुम से कुंदन कुमार गिरी और कांके के बेड़िया गांव से शाहरूख अंसारी को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस ने हथियार और गोलियां भी बरामद कीं
पुलिस ने इन दोनों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोलियां भी बरामद की है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले जो गिरफ्तारी हुई थी, उसमें शामिल अपराधियों ने पुलिस को बताया था कि वे शाहरूख अंसारी के कहने पर ही फायरिंग की वारदात को अंजाम देने जा रहे थे ताकि रेलवे साइडिंग के कर्मचारियों में दहशत फैलाई जा सके। ये गिरोह पत्थर औऱ कोल माइनिंग व्यवसायियों से रंगदारी वसलूते थे। इस गिरोह के खिलाफ हत्या, लूट, हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट की अलग-अलग धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। ये गिरोह इलाके में पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक अमन साहू गिरोह लातेहार, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, चतरा सहित पूरे कोयलांचल में काफी सक्रिय रहा है। एक के बाद एक हो रही गिरफ्तारी से इस गिरोह की कमर टूटने की उम्मीद है। 

अमन साहू गिरोह के मेंबर ने पुलिस को धमकाया
अमन साहू गिरोह के सदस्यों की हो रही गिरफ्तारी के बीच एक व्हाट्सएप मैसेज वायरल हो रहा है। ये वायर मैसेज कथित तौर पर अमन साहू गिरोह के अहम सदस्य मयंक सिंह का है। इसमें मयंक सिंह ने पुलिस को धमकी दी है। इसमें लिखा है कि मैं अमन साहू गैंग से मयंक सिंह बोल रहा हूं। कल रात को 11 बजे हमारे गैंग के शूटर शाहरूख अंसारी को रांची लातेहार और चतरा पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है।  शाहरूख की गिरफ्तारी गैंग के पूर्व सदस्य और हाल ही में जमानत पर छूटे राजा अंसारी के घर से हुई है। पुलिस 24 घंटे में उन्हें सकुशल न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेजे। उनके साथ किसी तरह की अनहोनी होती है तो रांची, रामगढ़, लातेहार, चतरा, हजारीबाग के समस्त कोयलांचल में कोल माइनिंग और ट्रांसपोर्टिंग बंद कराई जायेगी। इस दौरान होने वाली घटना की जिम्मेवार पुलिस होगी। 

गिरोह के खिलाफ पुलिस का तलाशी अभियान जारी
रांची, लातेहार और चतरा की पुलिस लगातार इलाके में अमन साहू गिरोह के खिलाफ तलाशी अभियान चला रही है। चुन-चुनकर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया जा रहा है। छह सदस्य पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। अब पुलिस ने गिरोह के अहम सदस्य कुंदन कुमार गिरी और शाहरूख अंसारी को भी गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों से उपजी बौखलाहट गिरोह के बाकी सदस्यों में साफ देखी जा सकती है। गिरोह के मयंक सिंह का कथित व्हाट्सएप मैसेज इसी की बानगी है। पुलिस आगे भी इस गिरोह के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी ताकि लोगों के इनके आतंक से मुक्ति मिले।