logo

रांची: हेमंत सरकार के खिलाफ साजिश! गिरफ्तार लोगों के खिलाफ राजद्रोह सहित इन धाराओं में केस दर्ज

11139news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

 

राज्य सरकार के खिलाफ साजिश रचने को लेकर रांची के बड़े होटलों में स्पेशल ब्रांच की टीम ने छापेमारी की। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोतवाली थाना में अभिषेक दुबे, अमित सिंह और निवारण प्रसाद महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मिली जानकारी के मुताबिक इनके खिलाफ धारा 419, 420, 124-ए, 120बी और 34 सहित पीआर एक्ट की धारा 171 के साथ पीसी एक्ट की धारा 8/9 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ये लोग साजिश रच रहे थे। इनसे पूछताछ जारी है। 

 

मौजूदा हेमंत सरकार के खिलाफ साजिश
मिली जानकारी के मुताबिक ये लोग झारखंड की मौजूदा सरकार के खिलाफ साजिश रच रहे थे। इसकी गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। खुफिया सूचना के आधार पर गुरुवार देर रात औऱ शुक्रवार तड़के रांची पुलिस की टीम ने राजधानी के अलग-अलग होटलों में छापेमारी की थी। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 4 लोगों को हिरासत में लिया और अज्ञात ठिकाने पर ले जाकर उनसे गहन पूछताछ की। ये कार्रवाई पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने की। 

 

पुलिस ने खुफिया सूचना पर की कार्रवाई
गौरतलब है कि स्पेशल ब्रांच को सूचना मिली थी कि राज्य में कुछ लोग हेमंत सरकार के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर गोपनीय तरीके से रांची के कई बड़े होटलों में छापेमारी की। पुलिस ने रांची के लोअर बाजार इलाका स्थित एक नामी होटल से तीन लोगों को हिरासत में लिया। इनके पास से पुलिस ने भारी मात्रा में पैसा भी बरामद किया। उनको हिरासत में लेकर गुप्त ठिकाने पर ले जाया गया। हालांकि किसी भी अधिकारी ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की। इन तीन लोगों के अलावा और भी कई लोगों के पकड़े जाने की सूचना है। 

 

पूछताछ में लोगों ने किया अहम खुलासा
पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि विधायकों को लेकर साजिश रची गई थी। विधायकों के खरीद-फरोख्त की कोशिश की जानी थी। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जाकर भी जांच की। कुछ दिन पहले ही हवाला कारोबार को लेकर भी पुलिस ने रांची और धनबाद सहित कई जिलों में तलाशी अभियान चलाया था।