logo

भाजपा ने मनाया एकता दिवस, लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को दी श्रद्धांजलि 

14409news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:
लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय में एकता दिवस के रूप में मनाई गई। प्रदेश अध्यक्ष और सांसद  दीपक प्रकाश ने कहा कि देश सेवा को अपना मूलमंत्र मानते हुए मातृभूमि की सेवा के लिए पूरा जीवन खपाने वाले लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणादायक बने रहेंगे। सरदार साहब भारत की एकता और शक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने बड़ी से बड़ी समस्याओं का समाधान अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर किया। उन्होंने एक अखंड भारत को आकार दिया। उनके सपने को आज देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरा कर रहे हैं।


सरदार पटेल के जीवन को शब्दों में ब्यां करना असंभव
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन और व्यक्तित्व इतना विराट है, जिसे शब्दों में पिरो पाना असंभव है। जब भारत आजाद हुआ, तब देश में 562 रियासतें थीं। कई रियासतों ने आजाद रहने का फैसला किया था, लेकिन सरदार पटेल ने भारत की रियासतों का विलय कर एक सशक्त और अखंड राष्ट्र का निर्माण किया। उनके योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता है। सशक्त, सुदृढ़ और समृद्ध भारत की नींव रखने वाले वल्लभ भाई पटेल के दिखाए मार्ग हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने के लिए सदा प्रेरित करते रहेंगे।


पटेल हमेशा मजबूत समावेशी, संवेदनशील भारत बनाना चाहते थे
संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक सरदार पटेल हमेशा मजबूत समावेशी, संवेदनशील भारत बनाना चाहते थे। यह सपना तभी पूरा हो सकता है जब हम सब एकजुट रहें। सरदार पटेल का विराट व्यक्तित्व सभी भारतीयों के दिलों में रचा-बसा है। सरदार पटेल ने ना केवल देश की आजादी में योगदान दिया बल्कि देश को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया। देश सदा उनका ऋणी रहेगा। उनका दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र समर्पण सदैव हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।