logo

अब इन राज्यों में भी स्थगित हो गयी बोर्ड परीक्षाएं, जानिए! किस राज्य ने लिया क्या फैसला

अब इन राज्यों में भी स्थगित हो गयी बोर्ड परीक्षाएं, जानिए! किस राज्य ने लिया क्या फैसला
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से कई राज्यों ने आगामी महीनों में आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाएं टाल दी है। राज्य सरकारों ने जहां 10वीं की बोर्ड परीक्षा को रद्द कर दिया है वहीं 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं अनिश्चितकाल के लिये टाल दी है। सरकारों ने कहा है कि 10वीं के विद्यार्थियों को आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर अगली कक्षाओं में प्रमोट कर दिया जायेगा। हालात सामान्य होने पर ही 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित की जायेंगी। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एलान किया है कि राज्य में पांचवीं, आठवीं और 10वीं क्लास के छात्रों को प्रमोट किया जायेगा। 

उड़ीसा सरकार ने रद्द की बोर्ड परीक्षा
उड़ीसा सरकार ने भी 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा स्थगित करने का फैसला किया है। सीएम नवीन पटनायक ने एलान किया है कि राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुये 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा को स्थगित किया जाता है। यही नहीं, क्लास 9वीं के विद्यार्थियों को 10वीं और क्लास 10वीं के विद्यार्थियों को 11वीं क्लास के लिये प्रमोट करने के भी एलान किया गया है। सरकार ने कहा कि विद्यार्थियों का अगली क्लास में प्रमोशन आंतरिक मार्क्स के आधार पर किया जा रहा है। 

गुजरात में भी रद्द हो गयी है बोर्ड परीक्षा
गुजरात की विजय रुपाणी सरकार ने भी 10वीं औऱ 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित करने का फैसला किया है। बता दें कि यहां बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 10 से 25 मई के बीच होने वाला था। सरकार ने ये भी फैसला किया है कि 9वीं, 10वीं और 11वीं क्लास के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट किया जायेगा। 

हरियाणा में रद्द की गयी हैं बोर्ड परीक्षाएं
हरियाणा सरकार ने भी 10वीं औऱ 12वीं की बोर्ड परीक्षा को फिलहाल स्थगित करने का फैसला किया है। हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने इस बात का एलान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना संक्रमण के ताजा हालात को देखते हुये राज्य सरकार ने सीबीएसई की तर्ज पर बोर्ड परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित करने का फैसला किया है। उचित माहौल आने पर दोबारा परीक्षाएं ली जायेंगी। बता दें कि सीबीएसई पहले ही बोर्ड परीक्षा स्थगित करने का फैसला कर चुका है।