logo

दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस का मौन धरना प्रदर्शन, कर्मचारियों के प्रमोशन से जुड़ा है मामला

16615news.jpg

द फॉलोअप टीम, जमशेदपुरः
दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस की ओर से चक्रधरपुर मंडल में धरना प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को मौन धरना -प्रदर्शन किया गया। मेंस कांग्रेस चक्रधरपुर मंडल के कार्यवाहक महामंत्री शशि मिश्रा के नेतृत्व में रेल अधिकारियों की मनमानी का विरोध किया जा रहा है। शशि मिश्रा का कहना है कि चक्रधरपुर मंडल में कार्मिक, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों में कार्यरत 150 से अधिक कर्मचारियों को टाइम बांड प्रमोशन का लाभ मिलना है लेकिन पिछले तीन-चार माह से एडीआरएम विनोद कुमार सिन्हा ने कर्मचारियों के प्रमोशन रोका हुआ है। अगर समय पर प्रमोशन नहीं मिला तो सातवें वेतन आयोग के नियमों के अनुसार न तो उन्हें बढ़े वेतनमान का लाभ मिलेगा और न ही भत्ते। 

दो दिन का मांगा गया था समय 
आज सुबह से चक्रधरपुर मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से मेंस कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी चक्रधरपुर मुख्यालय में  एडीआरएम के खिलाफ मौन सांकेतिक धरना दे रहे हैं। उनका कहना है कि 31 दिसंबर तक मामले का समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारियों का आर्थिक नुकसान होना तय है। शशि मिश्रा का कहना है कि इस मामले में एक माह पहले एडीआरएम से मिलकर कर्मचारियों को प्रमोशन का लाभ देने की मांग की थी। 15 दिन में कोई जवाब नहीं आया डीआरएम वीके साहू से भी मिलकर उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी। डीआरएम ने दो दिन का समय मांगा था, वह समय सीमा सोमवार को खत्म हो चुकी है।