logo

खेल के विकास और खिलाड़ियों को निखारने के लिए सुदेश ने हेमंत को लिखी चिट्ठी

14247news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

आजसू पार्टी केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने झारखंड में खेल के विकास और खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने को लेकर माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। जिसमें झारखंड में खेल के विकास और खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने को लेकर जारी अलग-अलग प्रयासों के बीच एक महत्वपूर्ण सुझाव की ओर आपका ध्यान दिलाना चाहता हूं। सरकार प्रति वर्ष विकास कार्यों के लिए विधायकों को निश्चित निधि उपलब्ध कराती है। विधायक फंड से कौन से कार्य कराए जा सकते हैं, इसके भी प्रावधान किए गए हैं।

 

झारखंड में खेल के विकास की असीम संभावनाएं हैं। खेलकूद के नक्शे पर यहां के खिलाड़ियों की पहचान देश-दुनिया में रही है। फुटबॉल, हॉकी, क्रिकेट के अलावा अब तीरंदाजी, कुश्ती, वुशु, लॉंगबॉल में भी गांवों-कस्बों से होनहार खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिता में मे़डल जीत रहे हैं। जबकि युवा कार्य, खेलकूद के विकास के लिए बजट में जितनी राशि का प्रावधान किया जाता है, उससे जमीनी स्तर पर उभऱते खिलाड़ियों को मौके पर मदद की गुंजाइश लगभग नहीं रहती है। इससे उनके अभ्यास और भविष्य पर सीधा असर भी पड़ता है। इसलिए खेलकूद संस्थाओं और खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अगर विधायक निधि से भी राशि उपलब्ध कराने का प्रावधान किया जाए, तो कई अडचनें दूर होती दिखेंगी।

सरकार भी चाहती है कि राज्य में खेलकूद का विकास हो और खिलाड़ियों को भविष्य संवारने का मुकम्मल मौका मिले। इसलिए आपसे विनम्र अनुरोध होगा कि जनप्रतिनिधियों को भी इस मुहिम का भागीदार बनाएं। विधायक फंड में यह व्यवस्था हो कि खेल संस्थाओं और खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलबध कराए जा सकें। इससे खिलाड़ियों का हौसला भी बढ़ेगा और खेल के विकास में एक नई तस्वीर उभरेगी। यह जानकारी प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने दी है।