logo

संदेहास्पद स्थिति में महिला की मौत, देर रात ससुराल वालों ने किया अंतिम संस्कार

7583news.jpg
द फॉलोअप टीम, पलामू:

विवाहिता की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गयी। महिला की पहचान 35 वर्षीय रूबी कुमारी के रूप में की गयी। मामला पलामू जिला के हैदरनगर थानाक्षेत्र स्थित बरवाडीह गांव का है। आरोप है कि ससुराल वालों ने चुपचाप महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। मामले का पता चलते ही पुलिस महिला के ससुर सोहराई साव और पति संजय साव को हिरासत में ले थाने ले आई। 

पति से विवाद के बाद खाया जहरीला पदार्थ
आरंभिक जांच में ये बात सामने आई है कि महिला ने पति से विवाद के बाद जहर खा लिया था। महिला का देवर फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गयी है। घटना की छानबीन की जा रही है। 

पति-पत्नी के बीच किसी बात पर था विवाद
रूबी अपने पति के साथ डालटनगंज में रहती थी। सोमवार को पति संजय साव अपनी पत्नी को लेकर बभंडीह बरवाडीह पहुंचा था। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा भी हुआ और रूबी ने गुस्से में जहरीला पदार्थ खा लिया। संजय साव, रूबी को लेकर एक निजी क्लीनिक में पहुंचे वहां डॉक्टर ने रूबी देवी को सरकारी अस्पताल ले जाने को कहा। पति ऑटो से रूबी को लेकर हुसैनाबाद अस्पताल पहुंचा जहां डॉक्टरों ने कि पहले पुलिस को इसकी सूचना दो। 

शक के घेरे में रूबी का पूरा ससुराल पक्ष 
संजय ने हुसैनाबाद के ही एक निजी क्लीनिक में महिला का इलाज कराया जहां उसकी मौत हो गई। इस संबंध में हैदरनगर थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि इतनी रात में शव को जलाना ही संदेह खड़ा कर रहा है। मृतिका का देवर भी फरार है इससे पूरा ससुराल पक्ष शक के घेरे में आ रहा है।