logo

हॉस्पिटल में लगी भीषण आग, 10 मरीजों की जलकर दर्दनाक मौत

हॉस्पिटल में लगी भीषण आग, 10 मरीजों की जलकर दर्दनाक मौत
द फॉलोअप टीम, मुंबई: 

पश्चिमी मुंबई के भांडुप स्थित एक मॉल में मौजूद कोविड हॉस्पिटल में आग लग जाने से 10 लोगों की मौत हो गयी। तकरीबन 70 लोगों को रेस्क्यू किया गया। हालांकि इनमें से कई लोग आंशिक रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज किया जा रहा है। घटना गुरुवार देर रात की है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक पश्चिमी मुंबई के भांडुप स्थित ड्रीम्स मॉल में सनराइज नाम का कोविड हॉस्पिटल चल रहा था। यहां कई और भी मरीज भर्ती थे। ये हॉस्पिटल पांच मंजिला मॉल की तीसरी मंजिल पर बना था। 

गुरुवार देर रात हॉस्पिटल में लगी भीषण आग
मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार की देर रात मॉल में आग लग गयी। आग से सबसे ज्यादा नुकसान हॉस्पिटल को ही पहुंचा। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त अस्पताल में कोविड के मरीजों के अलावा और भी कई मरीज भर्ती थे। जानकारी के मुताबिक मरने वाले सभी मरीज वेंटीलेटर पर थे इसलिये अपना बचाव नहीं कर सके। उनका कहना है कि अब भी आग बुझाने की कोशिश जारी है। मुंबई पुलिस के कमिश्नर ने मामले में कहा कि 10 लोगों की आगजनी में मौत एक गंभीर मामला है। हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा लापरवाही बरतने की बात सामने आई है। प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। 

सीएम उद्धव ठाकरे ने किया मुआवजे का एलान
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उद्धव ठाकरे ने कहा कि घटना में जो भी लोग जिम्मेदार पाये जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि मैं घटना में मारे गये लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और प्रभावित परिवारों से घटना के लिये माफी मांगता हूं। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उद्धव ठाकरे ने अपने बयान में कहा कि आग नीचे की तरफ से फैली। 

मुंबई की महापौर ने भी घटना पर जताया दुख
बृह्नमुंबई महानगरपालिका की महापौर किशोरी पेडनेकर ने भी घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई की मॉल के अंदर हॉस्पिटल का संचालन किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि मैंने पहली बार किसी मॉल के भीतर हॉस्पिटल देखा। उन्होंने कहा कि यदि यहां हॉस्पिटल के संचालन में किसी भी तरह की अनियमितता पाई गयी तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था। आग लगने की वजह भी स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही वजह का पता लग सकेगा।