logo

ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में आतंकी हमला, दो की मौत 15 घायल

2038news.jpg
द फाॅलोअप टीम, वियना 
यूरोपिय देश ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में बंदूकधारियों ने सोमवार देर शाम को लॉकडाउन लागू होने से पहले बाहर घूम रहे लोगों पर गोलीबारी कर दी। इस आतंकी हमले में एक हमलावर समेत कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार इस गोलीबारी में 15 लोग घायल हो गए हैं। 

आतंकी हमले पर आॅस्ट्रियाई नेताओं ने कहा
ऑस्ट्रिया के चांसलर सेबस्टियन कुर्ज ने कहा कि मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारी पुलिस एक हमलावर को ढेर करने में सफल रही। उन्होंने कहा, हम ऐसा कभी नहीं होने देंगे कि आतंकवादी हमें डराएं। हम हर तरीके से इन आतंकी हमलों से लड़ेंगे। पुलिस ने बताया कि शहर की एक सड़क पर रात आठ बजे के बाद कई गोलियां चलाई गईं। गोलीबारी छह स्थानों पर हुई है। ऑस्ट्रिया के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि अधिकारियों का मानना है कि कई बंदूकधारी इसमें शामिल हैं और पुलिस का अभियान अब तक जारी है। गृह मंत्री कार्ल नेहम्मर ने सरकारी प्रसारक ओआरएफ को बताया, यह एक आतंकी हमला लगता है। वियना के मेयर माइकल लुडविंग ने कहा कि 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से सात गंभीर रूप से जख्मी हैं। वियना में यहूदी समुदाय के प्रमुख ऑस्कर डॉयच ने बताया कि गोलीबारी की घटना शहर के प्रमुख यहूदी उपासनागृह के बाहर वाली सड़क पर हुई है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि हमला इबादतगाह को निशाना बनाकर ही किया गया था या नहीं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया 
प्रत्यक्षदर्शी रब्बी स्क्लोमो होफमिस्टर ने बताया कि उन्होंने देखा कि सड़क पर बार के बाहर बैठे एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। उन्होंने कहा कि हमारी इमारत के बाहर कम से कम 100 गोलियां चलाई गई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सभी बारों ने बाहर मेजें लगा रखी थीं। यह लॉकडाउन लागू होने से ठीक पहले की शाम थी। होफमिस्टर ने कहा कि आधी रात से ऑस्ट्रिया में अगले एक महीने के लिए सभी बार और रेस्तरां बंद हो जाएंगे और इसलिए बहुत सारे लोग बाहर घूमना-फिरना चाहते थे।

फ्रांस के राष्ट्रपति ने कहा 
फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने कहा कि फ्रांसीसी रात हमले से प्रभावित हुए ऑस्ट्रिया के लोगों की पीड़ा और दर्द को साझा करते हैं। उन्होंने लिखा, फ्रांस के बाद, यह दूसरा मित्र राष्ट्र है जिसपर हमला हुआ है। यह हमारा यूरोप है और हम झुकेंगे नहीं। फ्रांस में हाल के हफ्तों में तीन हमले हुए हैं, जिसके लिए मुस्लिम कट्टरपंथियों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।