logo

जामताड़ा: हाथी ने दौड़ाकर दंपत्ति को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत, खौफ में हैं ग्रामीण

9970news.jpg
द फॉलोअप टीम, जामताड़ा: 

जामताड़ा जिला के फतेहपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत मालडिहा गांव में पिछले काफी समय से भटक रहे हाथी ने दो लोगों को कुचल दिया। घटना में दोनों की मौत हो गई। मृतक दंपत्ति था। घटना रविवार की सुबह तकरीबन साढ़े 4 से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना से गांव में मातम का माहौल है। 

रविवार अहले सुबह हाथी का हमला हुआ
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह रोज की तरह मृतक दंपत्ति बाकी अन्य 13 लोगों के साथ शौच के लिए गए थे। वे सभी गांव से कुछ ही दूरी पर मौजूद तालाब की ओर जा रहे थे तभी हाथी आता दिखा। हाथी को देख कई लोग बांस के झुरमुट में छिप गए वहीं दंपत्ति घर की ओर भागने लगा। हाथी ने दंपत्ति का पीछा किया और हमला कर दिया। हाथी ने दंपत्ति को कुचल दिया। 

हाथी के हमले में दंपत्ति की मौत हो गई है
हाथी के हमले में मारे गए दंपत्ति की पहचान 52 वर्षीय जियालाल पावरिया और उनकी पत्नी 48 वर्षीय सोनामुनी टुडू के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृत दंपत्ति के गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। आसपास के गावं से भी लोग वहां इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना पुलिस औऱ वन विभाग की टीम को दी गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। 

बीते काफी समय से भटक रहा है जंगली हाथी
बताया जाता है कि जंगल से भटका हाथी बीते कई दिनों से उस इलाके में भटक रहा है। सूचना के बाद भी हाथी को काबू में करने या उसे जंगल में पहुंचाने का कोई इंतजाम नहीं किया गया। ग्रामीण दहशत में हैं। ताजा घटना के बाद से उस इलाके के तमाम गांवों के लोग खौफजदा हैं। उनकी मांग है कि हाथी को जल्द से जल्द काबू में करके जंगल की तरफ भेजा जाए। तभी लोग राहत की सांस लेंगे।